जिला पंचायत सभापति के प्रयास से अछोटा पुल की रेलिंग मरम्मत कार्य होगा शीघ्र

धमतरी(प्रखर) धमतरी शहर से नगरी–सिहावा मुख्य मार्ग पर महानदी पर निर्मित अछोटा पुल, जिसका निर्माण वर्ष 1982 में हुआ था, वर्तमान में अत्यधिक जर्जर अवस्था में है। पुल की क्षतिग्रस्त रेलिंग के कारण यहां से गुजरने वाले आम नागरिकों को लगातार असुविधा का सामना करना पड़ रहा है, साथ ही दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है।
इस गंभीर समस्या को संज्ञान में लेते हुए जिला पंचायत सभापति मोनिका देवांगन द्वारा लगातार प्रयास किए गए। उनके प्रयासों के परिणामस्वरूप सेतु निगम द्वारा अछोटा पुल की रेलिंग मरम्मत कार्य स्वीकृत किया गया है। इस कार्य के अंतर्गत लगभग 25 लाख रुपये की लागत से नई स्टील रेलिंग का निर्माण किया जाएगा। मरम्मत कार्य अतिशीघ्र प्रारंभ किया जाना प्रस्तावित है।
जिला पंचायत सभापति मोनिका देवांगन ने कहा कि जनसुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। क्षेत्र की आधारभूत संरचनाओं को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। पुल की मरम्मत पूर्ण होने के पश्चात क्षेत्रवासियों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।
इस महत्वपूर्ण पहल के लिए क्षेत्रवासियों ने जिला पंचायत सभापति के प्रति आभार व्यक्त किया है।



