शिवराज ने राहुल पर साधा निशाना कहा झूठ बोलकर किसानों के हितों का फैसला नहीं किया जाता

शिवराज ने राहुल पर साधा निशाना कहा झूठ बोलकर किसानों के हितों का फैसला नहीं किया जाता
नई दिल्ली। कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो संदेश में कहा कि पीएम मोदी हमेशा से किसान हितैशी रहे हैं। कहा कि भारत-अमेरिका व्यापार समझौते में किसानों के हितों का पूरा ध्यान रखा गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि डेयरी और पोल्ट्री जैसे संवेदनशील क्षेत्रों के लिए बाजार नहीं खोला गया है, जबकि अनाज, मसाले, चाय, कॉफी और कपास जैसे उत्पादों को नए निर्यात बाजार मिलेंगे। साथ ही उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वे झूठे हैं उन्हें देश के किसानों से कोई लेना-देना नहीं है। किसानों की मजबूती उन्हें कभी रास नहीं है, इसलिए तो देश विरोधी बातें करते हुए नजर आते हैं। अभी उन्होंने एक वीडियो में झूठ बोलने के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। वो झूठ बोलकर देश में भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि झूठ बोलकर किसानों के हितों का फैसला नहीं किया जाता। किसानों का भला होगा, सच्चे और किसान हितैशी फैसलों से , जो पीएम मोदी सदैव करते आए हैं। दरअसल, राहुल गांधी ने 12 फरवरी को अपने एक्स प्लेटफॉर्म पर वीडियो साझा करके आरोप लगाया कि भारत-अमेरिका ट्रेड डील से किसानों को नुकसान होगा।
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अमेरिकी व्यापार समझौते में किसानों के हितों को लेकर अहम बात की। कृषि मंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि यह समझौता विशेष रूप से विभिन्न मुख्य खाद्य पदार्थों का उत्पादन करने वाले किसानों की जरूरतों को पूरा करता है। चौहान ने कहा कि हमारे अनाज उत्पादक किसान गेहूं, चावल, मक्का, सोया, मोटा अनाज पैदा करने वाले किसानों के हितों का पूरी तरह से ध्यान रखा गया है। हमारे प्रमुख फल और सब्जी उत्पादों किसानों के हितों को भी इस समझौते में पूरी तरह संरक्षीत किया गया है।
संवेदनशील क्षेत्र को लेकर कही अहम बात
चौहान ने स्पष्ट किया कि सरकार ने कुछ संवेदनशील क्षेत्र के लिए सख्त सीमाएं बनाए रखी हैं। उन्होंने कहा कि पोल्ट्री के लिए , डेयरी उत्पाद के लिए देश के दरवाजे नहीं खोले गए हैं। सच तो ये है हमारे मसाला उत्पाद किसानों को नया विशाल बाजार मिलेगा। मंत्री ने नए समझौते के तहत विभिन्न भारतीय उत्पादों के लिए बाजार विस्तार की संभावनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि चाय, कॉफी, पनीर सहित अनेकों वस्तुओं को नया बाजार मिलने से निर्यात बढ़ेगा। इससे किसानों को फायदा होगा, उनकी आमदनी बढ़ेगी। टेक्सटाइल के निर्यात से हमारे कपास उत्पादक किसानों को बहुत फायदा होने वाला है। पीएम मोदी का हर निर्णय किसानों के हित में है।



