छत्तीसगढ़

नहर में पर्याप्त जल आपूर्ति की मांग को लेकर पार्षदों ने कार्यपालन अभियंता से की मुलाकात


धमतरी(प्रखर) रुद्री बैराज से बड़े केनाल के माध्यम से फिल्टर प्लांट तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पाने के कारण शहर के 40 वार्डों में पेयजल संकट की स्थिति निर्मित हो गई है। कई वार्डों में नियमित जल आपूर्ति बाधित होने से नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस गंभीर समस्या को लेकर जल विभाग के अध्यक्ष अखिलेश सोनकर के नेतृत्व में पार्षदों के प्रतिनिधिमंडल ने सिंचाई विभाग के कार्यपालन अभियंता बी.के. मगेद्र से मुलाकात कर तत्काल समाधान की मांग की।
          पार्षदों ने निगम की ओर से पक्ष रखते हुए बताया कि फिल्टर प्लांट तक पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं पहुंचने के कारण ओवरहेड टैंकों के माध्यम से वार्डों में नियमित सप्लाई नहीं हो पा रही है। इससे आम जनता में नाराजगी बढ़ रही है और नगर निगम को शिकायतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि नहर में प्रतिदिन बिना किसी बाधा के पर्याप्त पानी छोड़ा जाए, ताकि सभी 40 वार्डों में सुचारू रूप से पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।
अखिलेश सोनकर ने कहा कि शहरवासियों को पेयजल संकट से राहत दिलाने के लिए जल विभाग पूरी गंभीरता और समर्पण के साथ कार्य करने को प्रतिबद्ध है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में पानी की समस्या न हो, इसके लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। साथ ही उन्होंने नागरिकों से भी सहयोग की अपेक्षा की।
प्रतिनिधिमंडल में हेमंत बंजारे, कुलेश सोनी, सतीश पवार, पिंटू यादव और ईश्वर सोनकर सहित अन्य पार्षद शामिल रहे।

Author Desk

Related Articles

Back to top button