वरिष्ठ साहित्यकार एवं पत्रकार रंजीत भट्टाचार्य को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि

धमतरी(प्रखर ) वरिष्ठ साहित्यकार एवं प्रख्यात पत्रकार रंजीत भट्टाचार्य के दुखद निधन पर उनकी आत्मा की शांति के लिए एक शोकसभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पत्रकारों, साहित्यकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने उपस्थित होकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
शोकसभा में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष रंजना साहू ने भी शामिल होकर दिवंगत रंजीत भट्टाचार्य को पुष्पांजलि अर्पित की और उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद किया। उन्होंने कहा कि रंजीत भट्टाचार्य न केवल एक निर्भीक और निष्पक्ष पत्रकार थे, बल्कि साहित्य के क्षेत्र में भी उनका योगदान अविस्मरणीय रहा है। उन्होंने अपनी लेखनी के माध्यम से समाज को जागरूक करने का कार्य किया और जनसरोकारों को हमेशा प्राथमिकता दी।
रंजना साहू ने कहा कि रंजीत भट्टाचार्य का निधन पत्रकारिता एवं साहित्य जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। उनका सरल स्वभाव, स्पष्ट विचार और सामाजिक प्रतिबद्धता सदैव स्मरणीय रहेगी। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिजनों को इस दुःख की घड़ी में संबल और धैर्य प्रदान करें।
शोकसभा के दौरान दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। उपस्थित सभी लोगों ने उनके द्वारा किए गए कार्यों को याद करते हुए कहा कि उनकी कमी हमेशा महसूस की जाएगी।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने एक स्वर में उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।



