छत्तीसगढ़

घड़ी चौक में नशामुक्ति और सड़क सुरक्षा को लेकर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित


धमतरी। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के निर्देशानुसार इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी धमतरी सहित विभिन्न समाजसेवी संगठनों द्वारा आज शहर के घड़ी चौक में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जय छत्तीसगढ़ महतारी महिला सेवा संगठन, वरदान परमार्थ सेवा समिति, जननी सेवा संगठन एवं फ्रीडम फिजिकल एकेडमी के सदस्यों ने सहभागिता निभाई।
आगामी होली पर्व को ध्यान में रखते हुए आयोजित इस कार्यक्रम में नशामुक्ति, सड़क सुरक्षा, जल बचाव–जीवन बचाव तथा स्वच्छता को लेकर नागरिकों को जागरूक किया गया। चौक से गुजर रहे लोगों को समझाइश दी गई कि होली का त्योहार शांति, सौहार्द और सुरक्षित वातावरण में मनाएं। विशेष रूप से नशे से दूर रहने, वाहन सावधानीपूर्वक चलाने, पानी की अनावश्यक बर्बादी रोकने और आसपास स्वच्छता बनाए रखने का संदेश दिया गया।
संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने कहा कि त्योहार खुशियों और भाईचारे का प्रतीक है, इसलिए इसे जिम्मेदारी और संयम के साथ मनाना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने सभी से अपील की कि नशामुक्त एवं सुरक्षित होली मनाकर समाज में सकारात्मक संदेश प्रसारित करें।
इस अवसर पर आकाश गिरी गोस्वामी, शिवा प्रधान, एल. के. साहू, मोहनी साहू, ऋतु प्रधान, भावना मरकाम, मंजू टेमरे, भारती सोनी, डॉ. गणेश प्रसाद साहू, शेष नारायण, गजेन्द्र, खोमन लाल साहू, शत्रुघन पांडे, लय चंद्राकर एवं होमेश्वर प्रसाद चंद्राकर सहित अन्य सदस्यों ने गीत और नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया।

Author Desk

Related Articles

Back to top button