गुरु पर्व पर गुरुद्वारे पहुंचीं रंजना साहू, भाजपाइयों ने गुरु नानक देव के चरणों में टेका मत्था
सेवा, सत्य और मानवता का संदेश पूरी दुनिया को दे गए गुरु नानक देव – रंजना साहू

गुरु पर्व पर गुरुद्वारे पहुंचीं रंजना साहू, भाजपाइयों ने गुरु नानक देव के चरणों में टेका मत्था
सेवा, सत्य और मानवता का संदेश पूरी दुनिया को दे गए गुरु नानक देव – रंजना साहू
धमतरी। सिख धर्म के प्रथम गुरु एवं महान संत गुरु नानक देव की जयंती के पावन अवसर पर धमतरी के गुरुद्वारे में श्रद्धा और उत्साह के साथ गुरु पर्व मनाया गया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष रंजना साहू सहित भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने गुरुद्वारे पहुंचकर मत्था टेका और गुरु नानक देव का आशीर्वाद प्राप्त किया।

गुरु पर्व के अवसर पर गुरुद्वारे में अरदास, कीर्तन एवं लंगर का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में सिख समाज के लोगों ने शामिल होकर श्रद्धा और भक्ति के साथ प्रकाश पर्व मनाया।
इस अवसर पर रंजना साहू ने कहा कि “नानक नाम जहाज है, चढ़े सो उतरे पार।” गुरु नानक देव ने अपने विचारों और उपदेशों से संपूर्ण विश्व को सेवा, सत्य, प्रेम और मानवता का संदेश दिया। उनका जीवन और उनकी शिक्षाएं आज भी पूरी मानवता के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव का संदेश ‘नाम जपो, किरत करो, वंड छको’ अर्थात ईश्वर का स्मरण करो, ईमानदारी से मेहनत करो और मिल-बांटकर खाओ, जीवन में आत्मसात करने योग्य है। हमें उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज में भाईचारा, प्रेम, समानता और शांति की भावना को मजबूत करना चाहिए।
रंजना साहू ने इस पावन अवसर पर समस्त सिख समाज एवं क्षेत्रवासियों को गुरु नानक जयंती की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

इस अवसर पर एल्डरमैन रितिका यादव, पूर्व जनपद सदस्य जागेश्वरी साहू, युवा नेता जय हिन्दूजा, सिमरन हिन्दूजा, पिछड़ा वर्ग नेता लक्ष्मण गौतम, दौलत वाधवानी, सिख समाज के अध्यक्ष जसपाल सिंह छाबड़ा सहित बड़ी संख्या में समाजजन एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



