प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी के नेतृत्व में चेम्बर को ऐतिहासिक समर्थन, धमतरी में सदस्यता अभियान को मिला व्यापक प्रतिसाद

धमतरी(प्रखर) छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी के नेतृत्व में संगठन को प्रदेशभर में मजबूती मिल रही है। इसी कड़ी में चेम्बर का प्रतिनिधिमंडल सदस्यता अभियान के तहत धमतरी पहुंचा, जहां व्यापारियों ने उत्साहपूर्वक अभियान का समर्थन करते हुए बड़ी संख्या में सदस्यता ग्रहण की।
धमतरी आगमन पर जिला अध्यक्ष कैलाश कुकरेजा एवं उनकी टीम ने प्रतिनिधिमंडल का आत्मीय स्वागत किया। सदस्यता अभियान के दौरान नए व्यापारियों का जुड़ना इस बात का संकेत है कि व्यापारी वर्ग संगठन के नेतृत्व पर भरोसा जता रहा है।
जिला उपाध्यक्ष दिनेश (राजा) रोहरा ने नए सदस्यों की सूची प्रदेश कोषाध्यक्ष निकेश बरड़िया को सौंपते हुए कहा कि धमतरी इकाई केवल सदस्य संख्या बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए भी प्रतिबद्ध है। प्रदेश कोषाध्यक्ष निकेश बरड़िया ने धमतरी इकाई के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि संगठित चेम्बर ही व्यापारियों की आवाज शासन-प्रशासन तक प्रभावी ढंग से पहुंचा सकता है।
कार्यकारी अध्यक्ष राजेश वासवानी ने कहा कि संगठन की ताकत व्यापारियों के विश्वास में निहित है। वहीं कार्यकारी अध्यक्ष जसप्रीत सिंह सलूजा ने बताया कि पिछले एक वर्ष में चेम्बर ने गाइडलाइन दरों में कमी, जीएसटी संबंधी सुझावों को शासन द्वारा मान्यता दिलाने और एकल खिड़की प्रणाली लागू कराने जैसे मुद्दों पर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
बैठक में व्यापारियों ने राइस मिल उद्योग की समस्याएं, ट्रेड लाइसेंस की जटिलताएं, जमीन की गाइडलाइन दरों से जुड़ी परेशानियां, ऑनलाइन चालानी कार्रवाई और ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले वाहनों पर अनुचित चालानी जैसे विषय प्रमुखता से उठाए। चेम्बर नेतृत्व ने आश्वासन दिया कि इन मुद्दों पर शासन-प्रशासन से समन्वय कर ठोस समाधान की दिशा में कार्य किया जाएगा।
इस अवसर पर चेम्बर के कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।



