छत्तीसगढ़ बजट विकास और जनकल्याण को नई दिशा देने वाला : अमित साहू

धमतरी(प्रखर) भाजपा जिला कार्यालय धमतरी में आयोजित प्रेस वार्ता में भाजपा प्रदेश मंत्री अमित साहू ने राज्य सरकार के बजट को विकासोन्मुख और जनकल्याणकारी बताते हुए कहा कि विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रस्तुत यह बजट समावेशी विकास, आधारभूत संरचना, निवेश, रोजगार और जनकल्याण को नई दिशा देने वाला है। उन्होंने कहा कि यह बजट नरेंद्र मोदी के “विकसित भारत–विकसित छत्तीसगढ़” के विजन के अनुरूप तैयार किया गया है।
अमित साहू ने बताया कि प्रदेश सरकार पांच प्रमुख मिशनों के माध्यम से मिशन मोड में कार्य करेगी। इनमें मुख्यमंत्री अधोसंरचना मिशन, मुख्यमंत्री एआई मिशन, मुख्यमंत्री पर्यटन विकास मिशन, मुख्यमंत्री स्टार्टअप मिशन और मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन शामिल हैं। इन मिशनों से प्रदेश के विकास को नई गति मिलने की बात उन्होंने कही।
शिक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता
उन्होंने बताया कि शिक्षा क्षेत्र को सुदृढ़ बनाने के लिए इस बार स्कूल शिक्षा के लिए 13.5 प्रतिशत बजट का प्रावधान किया गया है, जो अब तक का सर्वाधिक है। बस्तर के अबूझमाड़ और जशपुर जिले में दो एजुकेशन सिटी स्थापित करने की योजना भी बजट में शामिल की गई है।
सरकारी अधिकारी-कर्मचारियों के लिए कैशलेस उपचार सुविधा का भी विशेष प्रावधान किया गया है। स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए विभिन्न जिलों में नए मेडिकल कॉलेजों के संचालन और स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने की दिशा में कदम उठाए गए हैं।
उद्योग, शहरी विकास और कृषि पर फोकस
औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश में 23 नए औद्योगिक पार्क स्थापित करने हेतु 250 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। मुख्यमंत्री आदर्श शहर समृद्धि योजना के अंतर्गत 200 करोड़ रुपये तथा भूमि विकास बैंक योजना के लिए भी 200 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
अमित साहू ने कहा कि छत्तीसगढ़ को धान का कटोरा कहा जाता है और किसानों के हित में कृषि क्षेत्र के लिए 13 हजार 500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। धान खरीदी की अंतर राशि 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से किसानों को एकमुश्त भुगतान की व्यवस्था जारी रहेगी।
बस्तर-सरगुजा को विशेष प्राथमिकता
बस्तर और सरगुजा क्षेत्रों के विकास के लिए 100 करोड़ रुपये का प्रावधान खाद्य, कृषि और संबद्ध उद्योगों को बढ़ावा देने हेतु किया गया है। बकरी पालन, सूअर पालन और मधुमक्खी पालन को भी प्रोत्साहन दिया जाएगा।
इंद्रावती नदी पर देवरगांव और मटनार बैराज निर्माण के लिए 2000 करोड़ रुपये से अधिक का प्रावधान किया गया है। माओवाद प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु बस्तर फाइटर में 1500 नई भर्तियां की जाएंगी।
युवाओं और रोजगार पर जोर
स्थानीय रोजगार सृजन के लिए होमस्टे योजना के लिए 10 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। भर्ती प्रक्रियाओं को तेजी से पूर्ण करने हेतु व्यापम की दक्षता बढ़ाने की विशेष व्यवस्था की गई है। छत्तीसगढ़ युवा दर्शन योजना तथा लखपति दीदी भ्रमण योजना भी प्रारंभ की जाएगी।
अंत में अमित साहू ने कहा कि यह बजट प्रदेश के सर्वांगीण विकास, किसानों की समृद्धि, युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और आर्थिक मजबूती की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी और उनकी टीम को बधाई दी।
प्रेस वार्ता में पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष नेहरू निषाद, जिला मीडिया प्रभारी उमेश साहू, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष शुभांक मिश्रा, युवा मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष शुभम जायसवाल, रोहिताश मिश्रा, किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष तथा जिला मंत्री विजय साहू सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
उक्त जानकारी भाजपा जिला मीडिया प्रभारी उमेश साहू द्वारा दी गई।



