छत्तीसगढ़

होली से पहले सख्त एक्शन: धमतरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 39 उपद्रवी जेल भेजे


धमतरी(प्रखर)होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से धमतरी पुलिस ने जिलेभर में सघन अभियान चलाकर गुंडा, निगरानी बदमाशों और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कड़ी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। अभियान के तहत 39 उपद्रवियों के खिलाफ धारा 170, 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के तहत वैधानिक कार्यवाही करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से सभी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
              पुलिस के अनुसार, संबंधित व्यक्तियों को पूर्व में समझाइश दी गई थी, लेकिन सुधार नहीं होने तथा शांति भंग की आशंका और प्राप्त शिकायतों को ध्यान में रखते हुए यह कार्रवाई की गई। प्रशासन का उद्देश्य होली के दौरान जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखना और आम नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है।
35 आदतन बदमाशों की कराई गई परेड
उल्लेखनीय है कि एक दिन पूर्व पुलिस लाइन में जिले के लगभग 35 आदतन गुंडा एवं निगरानी बदमाशों की विधिवत परेड कराई गई थी। इस दौरान उन्हें कानून का पालन करने, शांति व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अवैधानिक गतिविधियों से दूर रहने की सख्त चेतावनी दी गई। साथ ही सभी से अच्छे आचरण की शपथ भी दिलाई गई।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई भी व्यक्ति शपथ का उल्लंघन करते हुए हुड़दंग, मारपीट, जबरन रंग लगाने, शराब सेवन कर उत्पात मचाने अथवा शांति भंग करने का प्रयास करता है, तो उसके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नागरिकों से अपील
जिला पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि होली का त्योहार भाईचारे, सौहार्द और आपसी सम्मान के साथ मनाएं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या कानून-व्यवस्था से जुड़ी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
होली को लेकर पुलिस की इस सख्ती से स्पष्ट है कि जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय है।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button