प्रधानमंत्री मोदी ने की कनाडाई पीएम से मुलाकात, संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा

प्रधानमंत्री मोदी ने की कनाडाई पीएम से मुलाकात, संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री मोदी ने नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी से मुलाकात की। बैठक का मुख्य उद्देश्य दोनों देशों के बीच आपसी रिश्तों और साझेदारी को और अधिक मजबूत करना है। दोनों देशों के बीच कई अहम समझौतों (एमओयू) का आदान-प्रदान होगा। इसके बाद साझा प्रेस बयान भी जारी किए जाएंगे।
इसके बाद दोपहर करीब एक बजकर 50 मिनट पर भारत मंडपम में ‘भारत-कनाडा सीईओ फोरम’ का आयोजन होगा। इस खास कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी और मार्क कार्नी दोनों शामिल होंगे। अपनी भारत यात्रा पूरी करने के बाद प्रधानमंत्री कार्नी शाम छह बजे स्वदेश के लिए रवाना हो जाएंगे। इस मुलाकात के दौरान दोनों नेता व्यापार, निवेश, ऊर्जा और जरूरी खनिजों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा करेंगे। इसके साथ ही कृषि, शिक्षा, रिसर्च, इनोवेशन और दोनों देशों के लोगों के बीच आपसी संबंधों को बेहतर बनाने पर भी बात होगी। दोनों प्रधानमंत्री क्षेत्रीय और वैश्विक विकास से जुड़े मुद्दों पर भी अपने विचार साझा करेंगे।
विदेश मंत्री ने कनाडाई पीएम से की मुलाकात
प्रधानमंत्री मोदी से मिलने से पहले कनाडाई पीएम ने भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर से भी मुलाकात की। इस बैठक में भारत-कनाडा साझेदारी को लेकर सकारात्मक बातचीत हुई। मुलाकात के बाद डॉ. जयशंकर ने सोशल मीडिया पर खुशी जाहिर की। उन्होंने आगे की साझेदारी बनाने के लिए मार्क कार्नी की प्रतिबद्धता की सराहना की।



