राष्ट्रीय

एक्स-मुस्लिम सलीम पर चाकू चलाने वाला जीशान मारा गया

एक्स-मुस्लिम सलीम पर चाकू चलाने वाला जीशान मारा गया

गाजियाबाद। दिल्ली से सटे गाजियाबाद के लोनी में एक्स-मुस्लिम सलीम वास्तिक के ऊपर हुए जानलेवा हमले के मामले के आरोपियों की पुलिस के साथ मुठभेड़ हुई है। इस एनकाउंटर में एक बदमाश ढेर हो गया है। यह एनकाउंटर लोनी थान क्षेत्र में हुआ। मुठभेड़ में लोनी थानाध्यक्ष मुकेश कुमार की बुलेटप्रूफ जैकेट में गोली लगी है। वहीं, दो कॉन्स्टेबल विपिन कुमार और सचिन कुमार की बाजू में गोली लग गई है। मरने वाले बदमाश का नाम जीशान पता चला है जो जिला अमरोहा के नगला सैफी का रहने वाला है। सलीम पर हमला करके जीशान मौके से फरार हो गया था।

आरोपी के साथ 10 मिनट तक हुई फायरिंग
एडिशनल डीसीपी क्राइम पीयूष सिंह के मुताबिक, पुलिस और बाइक सवार बदमाश में करीब 10 मिनट तक फायरिंग हुई है, जिसमें 10 राउंड फायरिंग बदमाश की तरफ से की गई है। लोनी पुलिस और देहात स्वाट टीम ने मेरे नेतृत्व में यह मुठभेड़ की। इसमें एक बदमाश पुलिस एनकाउंटर में घायल हुआ, जिसे अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

जीशान ने ही सलीम को मारा था चाकू
पुलिस अधिकारी ने आगे कहा कि मरने वाले बदमाश की पहचान जीशान निवासी नगला सैफी जिला अमरोहा के रूप में हुई है। अभी तक जांच पड़ताल में सामने आया है कि इसी बदमाश ने सलीम पर चाकू से हमला किया था। जो सीसीटीवी फुटेज में बाइक पर पीछे बैठा था, फुटेज से पता चला है कि वह कुर्ता पजामा पहने हुए था। पुलिस टीम ने चाकू, एक पिस्टल, कारतूस और एक बाइक बरामद की है।

दिनदहाड़े सलीम पर हुआ था हमला
गौरतलब है कि गाजियाबाद के लोनी थाना इलाके में शुक्रवार सुबह दिनदहाड़े सलीम वास्तिक पर हमला हुआ था। बाइक सवार दो बदमाशों ने धारदार हथियार से अटैक किया था। उनके गले और पेट पर चाकू से कई वार किए गए थे। जख्मी सलीम खून से लथपथ हालत में मौके पर ही गिर पड़े थे। हमले को अंजाम देने के बाद हमलावर बाइक से फरार हो गए थे।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button