छत्तीसगढ़

आज का युवा केवल देश का भविष्य नहीं, बल्कि वर्तमान का सशक्त निर्माता है : रंजना साहू

बाबू छोटेलाल श्रीवास्तव स्नातकोत्तर शासकीय महाविद्यालय में “विकसित भारत युवा सांसद कार्यक्रम” का भव्य समापन

धमतरी। बाबू छोटेलाल श्रीवास्तव स्नातकोत्तर शासकीय महाविद्यालय धमतरी में आयोजित “विकसित भारत युवा सांसद कार्यक्रम” का भव्य समापन समारोह संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं धमतरी की पूर्व विधायक रंजना दीपेंद्र साहू शामिल हुईं। विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा जिला मीडिया प्रभारी उमेश साहू एवं भाजपा नेत्री रितिका यादव उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विनोद कुमार पाठक ने की।
समापन अवसर पर युवा प्रतिभागियों ने देश के विकास, लोकतंत्र की मजबूती, सामाजिक समरसता, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण तथा आत्मनिर्भर भारत जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रभावशाली ढंग से अपने विचार प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों की तार्किक सोच, प्रभावी वक्तृत्व कला एवं राष्ट्रहित के प्रति सजग दृष्टिकोण ने उपस्थित जनों को प्रभावित किया।
मुख्य अतिथि रंजना साहू ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं के भीतर नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना का विकास करते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
अपने प्रेरक संबोधन में रंजना साहू ने कहा कि “आज का युवा केवल देश का भविष्य नहीं, बल्कि वर्तमान का सशक्त निर्माता है। विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा जब हमारी युवा पीढ़ी शिक्षित, जागरूक और जिम्मेदार बनेगी। युवा सांसद जैसे मंच विद्यार्थियों को अपनी बात रखने, लोकतांत्रिक प्रक्रिया को समझने और नेतृत्व कौशल विकसित करने का अवसर प्रदान करते हैं। हमारा लक्ष्य केवल आर्थिक विकास नहीं, बल्कि नैतिक मूल्यों, सामाजिक समरसता और राष्ट्रभक्ति से परिपूर्ण भारत का निर्माण है।”
उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे देशहित को सर्वोपरि रखते हुए अपने लक्ष्य की ओर अग्रसर हों तथा समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान में भी सक्रिय भूमिका निभाएं। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए उन्होंने महाविद्यालय परिवार, प्राचार्य डॉ. विनोद कुमार पाठक एवं समस्त प्राध्यापकों को बधाई दी।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button