लोक निर्माण विभाग अध्यक्ष विजय मोटवानी ने होली पर दी शुभकामनाएं, प्रेम और सौहार्द के रंगों से जीवन रंगने का किया आह्वान

धमतरी। रंगों के पावन पर्व होली के अवसर पर नगर निगम के लोक निर्माण विभाग अध्यक्ष विजय मोटवानी ने नगरवासियों एवं क्षेत्रवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने सभी के खुशहाल जीवन, उत्तम स्वास्थ्य और मंगलमय भविष्य की कामना करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की कि यह होली सभी के जीवन में नई ऊर्जा, उत्साह और सकारात्मकता का संचार करे।
अपने संदेश में विजय मोटवानी ने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि यह भारतीय सनातन परंपरा, आस्था और सामाजिक एकता का प्रतीक है। भक्त प्रहलाद की अटूट भक्ति और सत्य की विजय का यह महापर्व हमें सिखाता है कि बुराई पर अच्छाई की जीत निश्चित है। होलिका दहन का संदेश हमें जीवन में सत्य, धैर्य और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि होली का वास्तविक सार तभी साकार होता है जब हम अपने अपनों को अपनापन के रंगों में सराबोर करें और समाज में प्रेम, भाईचारा एवं सामाजिक सौहार्द का वातावरण निर्मित करें। आज के समय में आवश्यक है कि हम आपसी मतभेदों को भुलाकर एक-दूसरे के सुख-दुख में सहभागी बनें और समाज में सकारात्मकता का संदेश फैलाएं।
विजय मोटवानी ने आगे कहा कि नगर निगम के माध्यम से शहर में विकास के नए रंग भरने का कार्य निरंतर जारी है। सड़कों, नालियों, अधोसंरचना एवं अन्य विकास कार्यों के माध्यम से शहर को स्वच्छ, सुंदर और सुविधायुक्त बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे होली का त्योहार सौहार्दपूर्ण और शांतिपूर्ण ढंग से मनाएं तथा शहर की स्वच्छता एवं व्यवस्था बनाए रखने में निगम प्रशासन का सहयोग करें।
उन्होंने आग्रहपूर्वक कहा कि जिस प्रकार होली में विभिन्न रंग मिलकर एक सुंदर स्वरूप प्रस्तुत करते हैं, उसी प्रकार हम सभी मिलकर धमतरी को विकास, एकता और खुशहाली के रंगों से सजाएं। अंत में उन्होंने पुनः समस्त नगरवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और प्रगति लेकर आए।



