राष्ट्रीय

सुखोई लड़ाकू विमान असम में क्रैश, दो पायलट शहीद

सुखोई लड़ाकू विमान असम में क्रैश, दो पायलट शहीद

दिसपुर। असम में भारतीय वायुसेना का आधुनिक सुखोई लड़ाकू विमान क्रैश हो गया है। इस हादसे में दो पायलट भी शहीद हो गए हैं। पहले खबर सामने आई थी कि वायुसेना का सुखोई विमान अचानक से रडार से लापता हो गया है। हालांकि, अब इसके असम के कार्बी आंगलॉन्ग इलाके में क्रैश होने की खबर सामने आई है। आपको बता दें कि रूस द्वारा निर्मित सुखोई विमान को भारतीय वायुसेना की रीढ़ की हड्डी माना जाता है। वायुसेना इसके उन्नत वर्जन सुखोई 30एमकेएल का इस्तेमाल करती है। भारतीय वायुसेना इस विमान के 200 से ज्यादा यूनिट्स का इस्तेमाल करती है।

सामने आई जानकारी के मुताबिक, वायुसेना के सुखोई लड़ाकू विमान ने असम के जोरहाट से उड़ान भरी थी। विमान से आखिरी बार शाम 7.42 बजे संपर्क हुआ था। फाइटर जेट ने गुरुवार शाम करीब सात बजे ट्रेनिंग सेशन के लिए उड़ान भरी थी। हालांकि, कुछ ही समय बाद लड़ाकू विमान अचानक से रडार से गायब हो गया। इसके बाद अधिकारियों की ओर से मामले की जांच शुरू कर दी गई। अब जानकारी सामने आई है कि सुखोई विमान क्रैश हो गया है।

जानकारी के अनुसार, वायुसेना का सुखोई लड़ाकू विमान असम के कार्बी आंगलॉन्ग इलाके में क्रैश हुआ है जो कि असम के जोरहाट से करीब साठ किलोमीटर दूर है। इस इलाके में सेना और पुलिस की टीम सर्च ऑपरेशन चला रही है। स्थानीय लोगों का दावा है कि उन्होंने आसमान में एक प्लेन को उड़ते देखा है जो लगातार नीचे आते हुए क्रैश हुआ है। लोगों का दावा है कि क्रैश के बाद जोर की आवाज भी सुनी। हादसे में शहीद होने वाले पायलटों के नाम स्क्वाड्रन लीडर अनुज और फ्लाइट लेफ्टिनेंट पूर्वेश दुरागकर के रूप में की गई है।

असम में सुखोई विमान के क्रैश होने की घटना पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा- सु-30 क्रैश में स्क्वाड्रन लीडर अनुज और फ्लाइट लेफ्टिनेंट पूर्वेश दुरगकर के निधन से गहरा दुख हुआ। राष्ट्र के प्रति उनके साहस और सेवा को हमेशा गर्व और कृतज्ञता के साथ याद किया जाएगा। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना। दुख की इस घड़ी में देश उनके साथ मजबूती से खड़ा है।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button