छत्तीसगढ़

यूपीएससी परीक्षा में सफलता पर डायमंड सिंह ध्रुव का सम्मान, एसपी कार्यालय में किया गया अभिनंदन

ग्राम परसवानी के आदिवासी युवक की उपलब्धि से धमतरी जिले का गौरव बढ़ा, युवाओं के लिए बने प्रेरणास्रोत


धमतरी (प्रखर) संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा हाल ही में घोषित सिविल सेवा परीक्षा के अंतिम परिणाम में धमतरी जिले के मगरलोड थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम परसवानी निवासी डायमंड सिंह ध्रुव ने 623वीं रैंक प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि से पूरे जिले में हर्ष का माहौल है। उनकी इस सफलता पर पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में उनका सम्मान करते हुए शाल और श्रीफल भेंट कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
डायमंड सिंह ध्रुव की यह सफलता विशेष रूप से प्रेरणादायक मानी जा रही है, क्योंकि उन्होंने अपने पांचवें प्रयास में यह मुकाम हासिल किया है। संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा को देश ही नहीं बल्कि विश्व की सबसे कठिन प्रतियोगी परीक्षाओं में गिना जाता है। ऐसे में सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बीच एक ग्रामीण आदिवासी युवक द्वारा इस परीक्षा में सफलता हासिल करना पूरे जिले के लिए गर्व का विषय बन गया है।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने कहा कि धमतरी जिले के लिए यह अत्यंत गौरवपूर्ण क्षण है। उन्होंने कहा कि एक स्थानीय आदिवासी युवक का यूपीएससी जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता प्राप्त करना यह दर्शाता है कि यदि लक्ष्य के प्रति दृढ़ संकल्प, मेहनत और धैर्य हो तो कोई भी मंजिल दूर नहीं होती। उन्होंने उम्मीद जताई कि डायमंड सिंह ध्रुव की सफलता जिले के अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी और अधिक से अधिक युवा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर उच्च पदों पर पहुंचकर समाज और देश की सेवा करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान डायमंड सिंह ध्रुव ने अपनी सफलता का श्रेय अपने परिवार, शिक्षकों और मार्गदर्शकों को दिया। उन्होंने कहा कि लगातार प्रयास और सकारात्मक सोच के साथ लक्ष्य की ओर बढ़ते रहने से सफलता अवश्य मिलती है। उन्होंने युवाओं से भी कड़ी मेहनत और धैर्य के साथ अपने लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ने की अपील की।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक चतुर्वेदी (आईपीएस), डायमंड सिंह ध्रुव के बड़े पिता दिलीप सिंह ध्रुव, मगरलोड थाना प्रभारी उपनिरीक्षक लक्ष्मीकांत शुक्ला सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने डायमंड सिंह ध्रुव को इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button