छत्तीसगढ़

जिले के अंतिम छोर पर बसे ग्राम मोहेरा पहुँचे कलेक्टर अबिनाश मिश्रा, निराई माता मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए दिए आवश्यक निर्देश



धमतरी(प्रखर)जिले के दूरस्थ और अंतिम छोर पर बसे ग्राम मोहेरा तक प्रशासन की सक्रियता अब दिखाई देने लगी है। इसी क्रम में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने बीते दिन ग्राम मोहेरा का दौरा कर क्षेत्र की स्थिति और विकास कार्यों का जायजा लिया।
दौरे के दौरान कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने प्रसिद्ध निराई माता मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने ग्रामीणों के साथ बैठक कर गांव की समस्याओं और चल रहे विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा की।
ग्रामीणों ने कलेक्टर को बताया कि निराई माता मंदिर की विशेष धार्मिक मान्यता है और यह मंदिर वर्ष में केवल एक बार खुलता है। इस दौरान यहां लगने वाले मेले में हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। लेकिन मंदिर तक पहुंचने वाला मार्ग दुर्गम होने और परिसर में मूलभूत सुविधाओं की कमी के कारण श्रद्धालुओं को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने मंदिर तक बेहतर मार्ग, सीमेंटीकरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग रखी।
ग्रामीणों की मांग और जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने परिसर में टाइल्स लगाने, बेहतर प्रकाश व्यवस्था के लिए हाई मास्ट लाइट स्थापित करने, पेयजल की व्यवस्था और पार्किंग सुविधा सुनिश्चित करने को कहा।
इस अवसर पर निराई माता सेवा समिति के अध्यक्ष दिलीप सिंह ध्रुव ने निराई माता मंदिर की परंपरा और यहां आयोजित होने वाली जात्रा के बारे में जानकारी दी।
दौरे के दौरान मंदिर के पुजारी ओंकार ध्रुव, नरोत्तम ध्रुव, पुलेश्वर ध्रुव, सचिव हेमंत ध्रुव, कोषाध्यक्ष अश्वनी ध्रुव, मोहेरा सरपंच भालेश्वरी कश्यप, जनपद सदस्य राजकुमारी कश्यप, रोहित ध्रुव, अमृतलाल सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि प्रशासन जिले के अंतिम छोर तक बसे गांवों में भी मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने के लिए लगातार प्रयासरत है।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button