कलेक्टर ने खाद्य विभाग और गैस एजेंसी संचालकों की ली बैठक

घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग किसी भी स्थिति में न होने पाए
धमतरी (प्रखर) जिले में घरेलू गैस की उपलब्धता और निर्बाध आपूर्ति की समीक्षा के लिए कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने खाद्य विभाग के अधिकारियों तथा गैस एजेंसी संचालकों की बैठक ली। बैठक में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में गैस आपूर्ति व्यवस्था, बुकिंग की समय-सीमा, गैस कनेक्शन की सुरक्षा जांच तथा घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग को रोकने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए।
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में कलेक्टर ने कहा कि घरेलू गैस उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी गैस एजेंसियां शासन के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करें। उन्होंने गैस एजेंसियों के क्षेत्रीय प्रबंधकों को निर्देशित किया कि किसी भी स्थिति में घरेलू गैस सिलेंडरों की रिफिलिंग प्रभावित न हो।
कालाबाजारी और दुरुपयोग रोकने के लिए खाद्य विभाग के अधिकारियों को टीम गठित कर गैस गोदामों का निरीक्षण करने तथा गैस आपूर्ति पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि घरेलू गैस सिलेंडरों का उपयोग व्यावसायिक कार्यों में किसी भी स्थिति में नहीं होने दिया जाएगा।
बैठक में खाद्य अधिकारी बी.के. कोर्राम ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को पिछली रिफिलिंग के 45 दिन बाद मोबाइल ओटीपी के माध्यम से अगली बुकिंग की सुविधा दी जा रही है, जबकि शहरी उपभोक्ताओं को 25 दिनों के अंतराल में गैस उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही सभी उपभोक्ताओं को ई-केवाईसी कराने के लिए गैस कार्ड, आधार कार्ड और मोबाइल के साथ गैस एजेंसी में उपस्थित होने के लिए कहा गया है।
जिला प्रशासन द्वारा पिछले दो दिनों से घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग को रोकने के लिए होटलों और अन्य व्यावसायिक संस्थानों में जांच अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान अब तक 4 प्रकरण दर्ज कर 8 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए हैं और नियमानुसार कार्रवाई की गई है।
खाद्य विभाग के अनुसार जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता है और नियमित आपूर्ति जारी है। बैठक में खाद्य विभाग के अधिकारी, विभिन्न गैस कंपनियों के क्षेत्रीय प्रबंधक तथा स्थानीय गैस एजेंसी संचालक उपस्थित थे।



