विपक्ष ने अमानक चावल के मुद्दे पर खाद्य मंत्री को घेरा, जवाब से असंतुष्ट कांग्रेस विधायकों ने किया वॉकआउट

विपक्ष ने अमानक चावल के मुद्दे पर खाद्य मंत्री को घेरा, जवाब से असंतुष्ट कांग्रेस विधायकों ने किया वॉकआउट
रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा बजट सत्र के 11वें दिन विपक्ष ने अमानक चावल के मुद्दे पर खाद्य मंत्री दयालदास बघेल को घेरा। विपक्ष ने गबड़बड़ी करने वाले अधिकारियों के खिलाफ जांच कर एफआईआर दर्ज कराने की मांग की। खाद्य मंत्री से संतोषजनक जानकारी नहीं मिलने पर विपक्ष ने वॉकआउट किया।
प्रश्नकाल के दौरान विधायक रामकुमार यादव ने कृषि साख समितियों के प्रासंगिक व्यय की राशि पर रोक का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि धान के उठाव को रोक दिया गया है, जिसकी वजह किसानों को बहुत तकलीफ होती है। इस पर खाद्य मंत्री दयालदास बघेल ने बताया कि रिसाइक्लिंग की वजह से धान को रोका गया था। विधायक रामकुमार यादव ने सवाल किया कि जब धान का उठाव नहीं होता है तो पानी गिरने की वजह से धान खराब हो जाता है। आप स्वयं कह रहे हैं कि आपने उठाव को रोका है। सक्ती जिले में 30 करोड़ रुपए का धान चूहे खा गए। क्या खाद्य अधिकारी के ऊपर कार्यवाही करेंगे? इस पर मंत्री ने कहा कि सक्ति जिले में 47.41 क्विंटल धान की खरीदी की गई है। 44.25 लाख मीट्रिक टन का उठाव हो गया है। उठाव के लिए बस 3.61 लाख धान बचा है। 3 लाख मीट्रिक टन धान बचा है, मार्च के पहले उठा लेंगे।
विधायक ने फिर दोहराया कि जिन धान को चूहें खा गए, उसमें जो भी संबंधित दोषी अधिकारी है उस पर कार्यवाही करेंगे क्या? इस पर मंत्री ने कहा कि मार्च से पहले धान का उठाव कर लेंगे। नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत ने दखल देते हुए कहा कि रिसाइक्लिंग होने की सूचना विभाग के संज्ञान में है क्या। किन-किन स्थानों पर आई? 17 तारीख को आपने धान खरीदी बंद करवा दी, क्योंकि रिसाइक्लिंग हो रहा है। लेकिन असली परेशानी तो रिसाइक्लिंग होने के बाद ही है। नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कहा सरकार ने जवाब में मान लिया धान की रीसाइकिलिंग की जा रही थी। इस वजह से धान खरीदी बंद कर दी गई, किसान धान नहीं बेच पाए। 600 करोड़ का धान बेचा नहीं गया, इसके लिए कौन जिम्मेदार होगा।
इस पर मंत्री ने स्पष्ट किया कि 17 तारीख को धान खरीदी की बात मैने नहीं की, मैने उठाव की बात की है। विधायक ने कहा कि जो सक्ती में जो प्रकरण आया है उसके दोषी के साथ आप पूरे प्रदेश को आश्वस्त करिए कि कंप्यूटर ऑपरेटर और संबंधित अधिकारी पर कार्यवाही करेंगे। इस पर मंत्री ने कहा कि मार्च से पहले उठाव हो जाएगा। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि आप साफ लिख दीजिए कि किसे कितना पैसा दिया जा रहा है, ताकि किसानों को स्पष्ट रहे, उन्हें जानकारी हो। आसंदी ने कहा कि आप कुछ ऐसा चस्पा कर दे कि किसानों को कितना पैसा दिया जा रहा है उन्हें पता हो, क्षति ना हो। इस पर मंत्री ने बोर्ड लगाने का आश्वासन दिया।
कोरबा में अमानक चावल खरीदी का मुद्दा सदन में गूंजा, किया बहिर्गमन
कांग्रेस विधायक ब्यास कश्यप ने पूछा दूसरे जिलों की आईडी का उपयोग कर अमानक चावल लिया गया। बालोद, बेमेतरा और जशपुर के कर्मचारियों की आईडी का उपयोग किया गया। खरीदे चावल में 8153.48 क्विंटल चावल अमानक पाया गया। जिसकी अनुमानित राशि लगभग 3.34 करोड रुपए है। कांग्रेस विधायक ब्यास कश्यप ने मामले की जांच की मांग की। मंत्री दयालदास बघेल ने कहा मामले में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। मामले में एक कनिष्ठ सहायक और एक कनिष्ठ तकनीकी सहायक को निलंबित किया गया है।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा क्या इस मामले में दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी। मंत्री दयालदास बघेल ने जानकारी दी कि संबंधित कर्मचारियों को निलंबित किया गया है। दोषी कर्मचारियों को नोटिस दिया गया है। नोटिस का जवाब आने के बाद आगे कार्रवाई की जाएगी।
कांग्रेस विधायकों ने दोषियों को बचाने का आरोप लगाया। मामले की जांच की मांग को लेकर सदन में की नारेबाजी। मंत्री के जवाब से असंतुष्ट होकर विपक्ष ने किया बहिर्गमन।
विधानसभा सदन में उठा बारदाना खरीदी का मुद्दा
भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने विधानसभा सदन में बारदाना खरीदी का मुद्दा उठाया। उन्होंने बारदाना खरीदी और नियमों की जानकारी मांगी। विधायक ने पूछा राशि का जिलेवार विवरण, गड़बड़ी पाए जाने पर क्या कार्रवाई हुई? इस पर विभागीय मंत्री दयालदास बघेल ने जानकारी देते हुए कहा कि 4.31 लाख गठान, बारदानों की खरीदी हुई है। इसे जुट कमिश्नर के माध्यम से खरीदा जाता है। 1721 करोड़ से ज्यादा भुगतान किया गया है।
बिलासपुर में ई केवाईसी अपूर्ण होने का मुद्दा सदन में उठा
कांग्रेस विधायक दिलीप लहरिया ने बिलासपुर में ई केवाईसी अपूर्ण होने का मुद्दा सदन में उठाया। उन्होंने कहा ई केवाईसी अपडेट ना होने के कारण राशन कार्डधारी को राशन नहीं दिया जा रहा है। मंत्री दयालदास बघेल ने कहा जो लोग राशन दुकान पहुंच रहे हैं उनको दिया जा रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा डेढ़ लाख लोग बिलासपुर में वंचित हो गए हैं। पूरे प्रदेश में 30 लाख लोग वंचित हो रहे है। इस पर मंत्री दयालदास बघेल ने कहा राशन लेने जाते नहीं है। मंत्री के जवाब के बाद विपक्ष के विधायकों ने सदन में जमकर हंगामा किया।
कांग्रेस विधायक उमेश पटेल ने कहा कि प्रदेशभर में सर्वर डाउन हो रहा है। दो महीने नहीं मिलने पर तीन महीने का राशन देंगे क्या? मंत्री दयालदास बघेल ने कहा कि राशन दुकान आयेंगे तभी राशन दे पाएंगे। विपक्ष के विधायकों ने जवाब पर हंगामा किया। वहीँ भूपेश बघेल ने कहा कि दूरस्थ अंचलों में नेट नहीं चल रहा है। मंत्री से कोई उत्तर नहीं आ रहा है। ई केवाईसी नेट नहीं चल रहा है उसकी क्या व्यवस्था है। खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल ने कहा कि पिछले महीने का राशन भी देंगे। मंत्री के जवाब से विपक्ष ने वॉकआउट किया। प्रश्नकाल के दौरान दूसरी बार विपक्ष ने किया वॉक आउट।


