छत्तीसगढ़

संत माता कर्मा ने अन्याय एवं अत्याचार के विरुद्ध आवाज उठाकर समाज को समानता और न्याय का मार्ग दिखाया : रंजना साहू



कोर्रा साहू समाज परिक्षेत्र स्तरीय होली मिलन समारोह एवं वार्षिक अधिवेशन में गूंजा माँ कर्मा जयंती महोत्सव का संदेश
धमतरी- ग्राम मोखा परिक्षेत्र साहू समाज कोर्रा द्वारा परिक्षेत्र स्तरीय होली मिलन समारोह एवं वार्षिक अधिवेशन के साथ माँ कर्मा जयंती महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में परिक्षेत्र भर से बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए और माँ कर्मा जयंती को श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ मनाया गया। पूरे आयोजन में सामाजिक एकता, परंपरा और सांस्कृतिक गौरव की झलक स्पष्ट रूप से दिखाई दी।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं धमतरी की पूर्व विधायक रंजना दीपेंद्र साहू शामिल हुईं। उनके आगमन पर समाजजनों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ आत्मीय स्वागत किया। आयोजन की शुरुआत सुबह भव्य कलश शोभायात्रा से हुई, जिसमें महिलाओं और युवाओं की विशेष भागीदारी रही। इसके पश्चात श्रीकृष्ण जस एवं भजन मंडली द्वारा भक्तिमय गीतों की प्रस्तुति दी गई, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
इसके बाद अतिथियों का स्वागत, उद्बोधन तथा समाज के प्रतिभावान व्यक्तियों का सम्मान किया गया। अपने उद्बोधन में रंजना दीपेंद्र साहू ने कहा कि संत माता कर्मा का जीवन त्याग, भक्ति, सेवा और सामाजिक समरसता का अद्वितीय उदाहरण है। उन्होंने अन्याय और अत्याचार के विरुद्ध आवाज उठाकर समाज को समानता और न्याय का मार्ग दिखाया। आज की युवा पीढ़ी को उनके आदर्शों को अपनाकर समाज में एकता, भाईचारा और नैतिक मूल्यों को मजबूत करना चाहिए।
उन्होंने आगे कहा कि इस प्रकार के सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज को जोड़ने के साथ-साथ नई दिशा देने का कार्य करते हैं। साहू समाज की एकजुटता की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि समाज निरंतर शैक्षणिक, सामाजिक और सांस्कृतिक क्षेत्रों में प्रगति कर रहा है, जो गर्व का विषय है।
इस अवसर पर गणेश राम साहू अध्यक्ष जिला साहू संघ धमतरी, लेखराम साहू पूर्व विधायक, गीतेश्वरी साहू अध्यक्ष जनपद पंचायत कुरूद, प्रदीप कुमार साहू संयुक्त सचिव प्रदेश साहू संघ छत्तीसगढ़, कामता प्रसाद साहू अध्यक्ष तहसील साहू संघ भखारा, देहुती साहू सदस्य जनपद पंचायत धमतरी, रेखा शेषनारायण साहू सदस्य जनपद पंचायत कुरूद, डॉ. सी. एल. साहू बाल रोग विशेषज्ञ धमतरी, चंद्रेश चांद सरपंच ग्राम पंचायत मड़ईभाठा, भीखम देवांगन ग्राम पटेल मोखा, गिरधारी यादव ग्राम विकास समिति मोखा सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में परिक्षेत्र साहू समाज कोर्रा एवं ग्रामीण साहू समाज मोखा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजन ने समाज की एकता, संस्कृति और परंपरा को सशक्त रूप से प्रदर्शित किया तथा आने वाली पीढ़ी को अपने गौरवशाली इतिहास और मूल्यों से जोड़ने का संदेश दिया।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button