हॉर्मुज पार कर तीन बड़े क्रूड ऑयल टैंकर पहुंचेंगे मुंद्रा पोर्ट, ईरान के विदेश मंत्री अरगची ने कहा भारत के लिए खुला है रूट

हॉर्मुज पार कर तीन बड़े क्रूड ऑयल टैंकर पहुंचेंगे मुंद्रा पोर्ट, ईरान के विदेश मंत्री अरगची ने कहा भारत के लिए खुला है रूट
मुंबई। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अरगची ने गुरुवार को ऐलान किया कि उनके देश ने भारत समेत सभी मित्र राष्ट्रों के जहाजों को हॉर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने की अनुमति दे दी है। ईरान के मुंबई स्थित महावाणिज्य दूतावास ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, ‘ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अरगची ने कहा है: हमने चीन, रूस, भारत, इराक और पाकिस्तान समेत मित्र राष्ट्रों के लिए हॉर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने की अनुमति दे दी है।’ यह फैसला वैश्विक व्यापार, खासकर तेल और उर्वरक की सप्लाई के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। होर्मुज स्ट्रेट को क्रॉस कर तीन विशाल क्रूड टैंकर भारत पहुंचने वाले हैं। जानकारी के मुताबिक हंबल वॉरियर’ समेत तीन जहाज मुंद्रा के लिए रवाना हो चुके हैं। तीनों जहाज 28 या 29 मार्च तक मुंद्रा पोर्ट पहुंच जाएंगे।
बता दें कि यह फैसला संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस के बयान के ठीक बाद आया है। गुटेरेस ने हॉर्मुज जलडमरूमध्य को तुरंत खोलने की अपील की थी। उन्होंने एक्स पर लिखा, ‘हॉर्मुज जलडमरूमध्य का लंबे समय तक बंद रहना तेल, गैस और उर्वरक की आवाजाही को रोक रहा है। यह दुनिया भर में रोपाई के मौसम के महत्वपूर्ण समय में हो रहा है। क्षेत्र और उसके बाहर के आम नागरिक गंभीर नुकसान झेल रहे हैं और बहुत बड़ी असुरक्षा में जी रहे हैं। संयुक्त राष्ट्र युद्ध के परिणामों को कम करने के लिए काम कर रहा है। लड़ाई बंद करके हम तमाम परेशानियों से बच सकते हैं।’


