धमतरी में पानी संकट पर गरमाएगा निगम सदन, पार्षद सुमन मेश्राम उठाएंगी जनहित के मुद्दे

धमतरी। नगर निगम धमतरी की आगामी सामान्य सभा की बैठक में शहर की पेयजल समस्या प्रमुख मुद्दा बनने जा रही है। डाक बंगला वार्ड की पार्षद सुमन मेश्राम ने स्पष्ट किया है कि वे सदन में शहरवासियों को हो रही पानी की लगातार परेशानी को मजबूती से उठाएंगी और निगम प्रशासन से जवाब मांगेंगी।
पार्षद मेश्राम ने कहा कि पिछले एक वर्ष से शहर में पानी की समस्या गंभीर बनी हुई है। इस दौरान कई बार नागरिकों को पानी के लिए परेशान होना पड़ा, यहां तक कि महिलाओं को घड़े और बाल्टी लेकर निगम कार्यालय के सामने प्रदर्शन तक करना पड़ा। उन्होंने बताया कि सड़क से लेकर निगम तक पानी के मुद्दे पर लगातार संघर्ष किया जा रहा है।
सामान्य सभा में वे यह सवाल उठाएंगी कि बीते एक वर्ष में शहरवासियों को कितने दिनों तक पानी उपलब्ध नहीं हो पाया। इसके अलावा फिल्टर प्लांट में आई तकनीकी समस्याओं, उनके समाधान के लिए जल विभाग द्वारा किए गए कार्यों और भविष्य की तैयारियों पर भी जवाब तलब किया जाएगा।
मेश्राम ने यह भी कहा कि जल आपूर्ति बाधित होने पर निगम द्वारा टैंकरों से पानी सप्लाई की जाती है, लेकिन यह व्यवस्था सभी 40 वार्डों तक प्रभावी रूप से नहीं पहुंच पा रही है। ऐसे में नए पानी टैंकर और ट्रैक्टर-टैंकर (मुंडी) की खरीद अत्यंत आवश्यक है, लेकिन एक वर्ष बीत जाने के बाद भी इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
आगामी गर्मी के मद्देनजर पानी की समस्या और बढ़ने की आशंका जताते हुए उन्होंने कहा कि जल विभाग की तैयारियों की समीक्षा जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विपक्ष जनहित के मुद्दों पर कड़ा रुख अपनाए हुए है और जनता के अधिकारों के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।



