छत्तीसगढ़

स्वच्छता सर्वेक्षण को लेकर नगर निगम धमतरी ने कसी कमर, शहरभर में विशेष सफाई अभियान तेज

धमतरी। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत आयोजित होने वाले स्वच्छता सर्वेक्षण को लेकर नगर निगम धमतरी ने अपनी तैयारियों को और अधिक सुदृढ़ कर दिया है। शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से निगम प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत सभी वार्डों के साथ-साथ शहर के प्रमुख मार्गों, चौक-चौराहों, बाजार क्षेत्रों, सार्वजनिक स्थलों एवं संस्थानों के आसपास नियमित रूप से साफ-सफाई कराई जा रही है।

नगर निगम द्वारा सफाई कार्य को प्रभावी बनाने के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है, जो “गैंग सिस्टम” के तहत कार्य कर रही हैं। ये टीमें सुबह से ही अपने-अपने क्षेत्रों में पहुंचकर सड़कों की सफाई, नालियों की सफाई, कचरे का संग्रहण एवं त्वरित निष्पादन सुनिश्चित कर रही हैं। विशेष रूप से उन स्थानों पर अधिक ध्यान दिया जा रहा है, जहां आमतौर पर गंदगी अधिक होती है या जहां नागरिकों की आवाजाही ज्यादा रहती है।

निगम प्रशासन द्वारा नागरिकों को भी स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। शहरवासियों से अपील की जा रही है कि वे खुले में कचरा न फेंकें और घरों से निकलने वाले कचरे को नगर निगम की डोर-टू-डोर कचरा गाड़ियों को ही दें। साथ ही गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने की भी समझाइश दी जा रही है, ताकि कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निष्पादन किया जा सके।

स्वास्थ्य सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए नगर निगम द्वारा शहर में प्रतिदिन फॉगिंग मशीन के माध्यम से छिड़काव कराया जा रहा है, जिससे मच्छरजनित बीमारियों जैसे डेंगू, मलेरिया आदि की रोकथाम हो सके। इसके अलावा सार्वजनिक स्थानों पर नियमित रूप से कीटनाशक दवाओं का छिड़काव भी किया जा रहा है।

शहर की सुंदरता बढ़ाने और नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता लाने के उद्देश्य से विभिन्न दीवारों पर आकर्षक वॉल पेंटिंग कराई जा रही है। इन पेंटिंग्स के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया जा रहा है, जिससे लोग प्रेरित होकर अपने आसपास के वातावरण को साफ-सुथरा रखने में योगदान दें।

नगर निगम धमतरी के अधिकारियों ने बताया कि स्वच्छता सर्वेक्षण में बेहतर रैंक प्राप्त करने के लिए जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यदि सभी मिलकर प्रयास करेंगे तो निश्चित रूप से धमतरी शहर स्वच्छता के क्षेत्र में नई पहचान बनाएगा।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button