छत्तीसगढ़

हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी हटकेसर की बदहाल व्यवस्थाओं पर महिला मंडल ने उठाई आवाज, कम्युनिटी हॉल निर्माण की मांग तेज


धमतरी। हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी हटकेसर में मूलभूत सुविधाओं की बदहाल स्थिति को लेकर अब रहवासियों में नाराज़गी खुलकर सामने आ गई है। कॉलोनी की महिला मंडल ने सामूहिक रूप से संपदा अधिकारी/कार्यपालक अभियंता, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल प्रक्षेत्र धमतरी को ज्ञापन सौंपते हुए सफाई, सीवरेज, प्रकाश व्यवस्था और सामुदायिक सुविधाओं की गंभीर समस्याओं की ओर ध्यान आकर्षित कराया है।
महिला मंडल ने अपने ज्ञापन में बताया कि हाउसिंग बोर्ड द्वारा सैकड़ों मकान आवंटित किए जाने के बावजूद कॉलोनी में रहने वाले हजारों लोगों को मूलभूत सुविधाएं सही तरीके से नहीं मिल पा रही हैं। कॉलोनी में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है, नालियां जाम हैं और सीवरेज सिस्टम लगभग ठप हो चुका है, जिससे गंदा पानी नालियों में बह रहा है और संक्रमण का खतरा बना हुआ है।
वहीं, स्ट्रीट लाइट व्यवस्था भी अत्यंत खराब स्थिति में है। कई स्थानों पर महीनों से लाइट बंद पड़ी है और समय पर मरम्मत नहीं होने से रात के समय अंधेरा पसरा रहता है, जिससे सुरक्षा की समस्या भी उत्पन्न हो रही है।
महिलाओं ने कॉलोनी में बनाए गए गार्डन की स्थिति को भी बेहद निम्न स्तर का बताया। उनका कहना है कि गार्डन नियमित साफ-सफाई के अभाव में उपयोग लायक नहीं रह गया है। साथ ही, अब तक कम्युनिटी हॉल का निर्माण नहीं किया गया है, जिससे रहवासियों को छोटे-बड़े कार्यक्रमों के लिए अन्य स्थानों पर निर्भर रहना पड़ता है।
महिला मंडल ने मांग की है कि कॉलोनी में सर्वसुविधायुक्त कम्युनिटी हॉल का शीघ्र निर्माण कराया जाए। इसके साथ ही, जब तक हॉल का निर्माण नहीं होता, तब तक गार्डन में बने एक खाली कमरे को महिलाओं की गतिविधियों के लिए उपलब्ध कराया जाए, जिसका रखरखाव वे स्वयं अपने खर्च पर करने को तैयार हैं।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि हर वर्ष आयोजित होने वाले दुर्गा पूजा कार्यक्रम में गार्डन का तिकोना हिस्सा बाधा बनता है। अतः उस हिस्से को 15 फीट हटाकर कांक्रीट करने की भी मांग की गई है, जिससे स्थान का बेहतर उपयोग हो सके।
इस संबंध में महिला मंडल ने प्रदेश के वित्त, आवास एवं पर्यावरण मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी, छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड के चेयरमैन श्री अनुराग सिंह देव, कमिश्नर  अवनीश कुमार शरण एवं कलेक्टर धमतरी  अबिनाश मिश्रा को भी प्रतिलिपि प्रेषित कर शीघ्र कार्यवाही की मांग की है।
ज्ञापन सौंपने वालों में स्वाति बल्लाल, लक्ष्मी साहू, पुष्पांजलि सोनी, पूजा शर्मा, मिथिला देवागन , सुनीता शर्मा, कनक शाह, शालिनी साह, उपासना देवागन, शालिनी साहू, कामिनी साहू, नीता अग्रवाल, शकुन्तला साहू, रीना जैन, अनीता जैन, सुमन शर्मा, कनक चंद्राकर, मधु साहेब, अंजू देवगन, ऋतु शर्मा सहित महिला मंडल की अन्य सदस्यगण शामिल रहीं।

Author Desk

Related Articles

Back to top button