हनुमान जन्मोत्सव पर ग्राम भोथीपार में भव्य लोक मंडाई, विधायक ओंकार साहू ने किए विकास कार्यों का लोकार्पण व नई घोषणा

धमतरी- जिले के ग्राम भोथीपार में हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर पारंपरिक लोक मंडाई का भव्य आयोजन हर्षोल्लास, उत्साह और सांस्कृतिक रंगों के बीच संपन्न हुआ। इस अवसर पर धमतरी विधायक ओंकार साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके आगमन पर ग्रामवासियों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ आत्मीय स्वागत किया, जिससे पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल बन गया।
कार्यक्रम की शुरुआत विधायक ओंकार साहू द्वारा आंगा देवता एवं ग्राम देवी मां खाल्लारी की विधिवत पूजा-अर्चना से हुई। उन्होंने क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। ग्रामीणों ने भी बड़ी श्रद्धा के साथ पूजा में भाग लेते हुए अपनी आस्था प्रकट की।
इस दौरान विधायक ने ग्राम स्थित शनिदेव मंदिर में स्टील ग्रील एवं चबूतरे में टाइल्स लगाने के कार्य का लोकार्पण किया। इससे मंदिर परिसर की सुंदरता बढ़ने के साथ श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। ग्रामीणों ने इस पहल के लिए विधायक का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक ओंकार साहू ने ग्राम भोथीपार के समग्र विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए बुनियादी सुविधाओं का सुदृढ़ होना आवश्यक है। इसी क्रम में उन्होंने गांव में सामाजिक एवं धार्मिक आयोजनों के लिए 10 लाख रुपये की लागत से शेड निर्माण की घोषणा की। इस घोषणा से ग्रामवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई और तालियों की गूंज के साथ उनका स्वागत किया गया।
लोक मंडाई के तहत रात्रिकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित हुआ, जिसमें छत्तीसगढ़ी लोक संस्कृति की जीवंत झलक देखने को मिली। “ममा-भांचा” नाचा पार्टी खोकसा द्वारा प्रस्तुत पारंपरिक नाचा कार्यक्रम ने दर्शकों का मन मोह लिया। कलाकारों की प्रस्तुति ने देर रात तक समां बांधे रखा।
कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। आयोजन में अनुशासन, उत्साह और सांस्कृतिक समृद्धि का सुंदर संगम देखने को मिला।
ग्राम भोथीपार का यह लोक मंडाई आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बना, बल्कि सामाजिक एकता, सांस्कृतिक परंपरा और विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में भी उभरकर सामने आया।



