अकलाडोंगरी स्वास्थ्य केंद्र का कलेक्टर ने किया औचक निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने दिए त्वरित निर्देश

एंबुलेंस चालक की कमी दूर करने तत्काल कार्रवाई, स्थानीय युवा को मिला अवसर
धमतरी- डुबान प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर और सुलभ बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने विकासखंड धमतरी के ग्राम अकलाडोंगरी स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, दवाइयों की उपलब्धता, स्टाफ की उपस्थिति तथा उपचार व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया।
कलेक्टर ने स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती मरीजों से सीधे बातचीत कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और उन्हें मिल रही सुविधाओं पर फीडबैक भी प्राप्त किया। उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को सख्त निर्देश दिए कि मरीजों के उपचार में किसी प्रकार की लापरवाही न हो तथा समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित की जाएं।
निरीक्षण के दौरान एंबुलेंस चालक की कमी का मुद्दा सामने आने पर कलेक्टर ने तत्काल संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर ग्राम के ही योग्य युवा लक्ष्मी नारायण को एंबुलेंस चालक के रूप में नियुक्त करने के निर्देश दिए। इस त्वरित निर्णय से जहां आपातकालीन स्थिति में मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में सुविधा मिलेगी, वहीं स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।
कलेक्टर ने स्वास्थ्य केंद्र में साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत व्यवस्था और आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही नियमित मॉनिटरिंग पर जोर देते हुए कहा कि डुबान प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इसके अलावा मोबाइल मेडिकल यूनिट के नियमित संचालन, गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों के लिए विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित करने तथा गंभीर मरीजों के त्वरित रेफरल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम पीयूष तिवारी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एल. कौशिक, जिला कार्यक्रम प्रबंधक प्रिया कंवर, कार्यपालन अभियंता (ग्रामीण यांत्रिकी सेवा), उपसंचालक पंचायत नकुल वर्मा, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विमल साहू सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।



