छत्तीसगढ़

खेल पखवाड़ा में महिलाओं का दमखम, 8 अप्रैल को मिशन मैदान में दिखेगा पारंपरिक खेलों का उत्साह


धमतरी। शहर में आयोजित खेल पखवाड़ा अब और अधिक व्यापक रूप लेता जा रहा है। युवाओं के साथ-साथ अब महिलाओं की भागीदारी भी सुनिश्चित करते हुए 8 अप्रैल को मिशन मैदान में पारंपरिक खेलों की विशेष प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन में महिलाएं रस्सी कूद, कुर्सी दौड़, रस्सी दौड़, फुगड़ी और बिल्लस जैसे स्थानीय खेलों में अपने कौशल का प्रदर्शन करेंगी।
आयोजन समिति के अनुसार प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे, वहीं सभी प्रतिभागियों के लिए प्रोत्साहन पुरस्कार की भी व्यवस्था की गई है। इस आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप देने में मुख्य सलाहकार हेमलता शर्मा, प्राची सोनी और सरिता यादव सक्रिय रूप से जुटी हुई हैं।
खेल पखवाड़ा के संरक्षक एवं समाजसेवी पंडित राजेश शर्मा ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज के हर वर्ग को खेलों से जोड़ना और युवाओं के साथ-साथ महिलाओं में भी खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए जरूरी हैं, बल्कि यह मानसिक मजबूती और सामाजिक एकता को भी बढ़ावा देते हैं।
वहीं, खेल पखवाड़ा के दूसरे दिन क्रिकेट मुकाबलों का रोमांच भी देखने को मिला। मिशन मैदान में खेले गए प्रारंभिक मैच में आरडी टीम और अनय सोलर एंड उर्मिला टीम के खिलाड़ियों का परिचय कराकर पंडित राजेश शर्मा एवं राजेंद्र शर्मा ने टॉस के साथ मैच का शुभारंभ किया।
इस दिन कुल चार मुकाबले खेले गए, जो देर रात 2 बजे तक जारी रहे। मैचों के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चौकों-छक्कों की बारिश की, जिससे मैदान में मौजूद दर्शकों का उत्साह चरम पर रहा। बड़ी संख्या में खेल प्रेमी देर रात तक मैदान में डटे रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते नजर आए।
खेल पखवाड़ा के अंतर्गत हो रहे इन आयोजनों से शहर में खेलों के प्रति सकारात्मक माहौल बन रहा है और हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित हो रही है। आने वाले दिनों में भी विभिन्न प्रतियोगिताओं के जरिए यह आयोजन और अधिक रोचक होने की उम्मीद है।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button