छत्तीसगढ़

खेल पखवाड़ा में क्रिकेट का रोमांच चरम पर, मिशन मैदान में उमड़ रही खेल प्रेमियों की भीड़


धमतरी। शहर में आयोजित खेल पखवाड़ा अब अपने पूरे शबाब पर पहुंच चुका है। क्रिकेट मैचों का रोमांच दिन-ब-दिन बढ़ता जा रहा है और मिशन मैदान खिलाड़ियों के साथ-साथ खेल प्रेमियों से खचाखच भरता नजर आ रहा है। प्रतिदिन 10-10 ओवर के चार मुकाबले खेले जा रहे हैं, जिनमें खिलाड़ियों का जोश और दर्शकों का उत्साह देखने लायक है।
तीसरे दिन के मुकाबलों की शुरुआत उत्साहपूर्ण माहौल में हुई। मैच का टॉस राजेंद्र शर्मा, पिंटू यादव, कुलेश सोनी और अरुण चौधरी द्वारा कराया गया। टॉस के बाद सुपर किंग्स की टीम ने पहले मैदान में उतरकर फील्डिंग संभाली और खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल के साथ खेल का प्रदर्शन किया। वहीं, पहले बल्लेबाजी करते हुए एसपीएन स्टार टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाते हुए आकर्षक शॉट्स खेले और दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
मैदान में चौकों-छक्कों की गूंज के साथ रोमांच चरम पर रहा, वहीं हर अच्छे प्रदर्शन पर दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। मिशन मैदान का माहौल पूरी तरह खेलमय हो गया है, जहां हर दिन बड़ी संख्या में लोग पहुंचकर मैच का आनंद ले रहे हैं।
इस दौरान खेल पखवाड़ा के संरक्षक एवं आयोजक पंडित राजेश शर्मा भी मैदान पहुंचे। उनके आगमन पर उपस्थित खिलाड़ियों एवं दर्शकों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। खिलाड़ियों ने उनका हाथ उठाकर अभिवादन किया और करतल ध्वनि के साथ उनके द्वारा किए जा रहे सेवाभावी कार्यों की सराहना की।
गौरतलब है कि पं. राजेश शर्मा द्वारा शहर में लगातार सामाजिक एवं सार्वजनिक सरोकारों से जुड़े कार्य किए जा रहे हैं। खेल पखवाड़ा के माध्यम से वे न केवल युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित कर रहे हैं, बल्कि पूरे एक माह तक विभिन्न खेल गतिविधियों का आयोजन कर स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और खेल संस्कृति को बढ़ावा दे रहे हैं।
शहरवासियों का कहना है कि इस तरह के आयोजन से युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिल रहा है और नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर खेलों की ओर रुझान बढ़ रहा है। मिशन मैदान में उमड़ती भीड़ इस आयोजन की सफलता की कहानी खुद बयां कर रही है।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button