जिला कांकेर में बूथ कमेटी गठन और “गांव चलो अभियान” को मिली रफ्तार, कार्यकर्ताओं में उत्साह

कांकेर। जिला कांकेर में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से बूथ कमेटी गठन और “गांव चलो अभियान” के तहत लगातार बैठकों का दौर जारी है। इसी कड़ी में कांकेर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत मर्दापोटी एवं भानुप्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत मचान्दूर (चारामा) में महत्वपूर्ण बैठकें आयोजित की गईं। इन बैठकों में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज और जिला कांग्रेस कमेटी कांकेर के प्रभारी लेखराम साहू की मौजूदगी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और संगठन विस्तार पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दीपक बैज और लेखराम साहू का फूलमाला एवं पुष्पगुच्छ के साथ भव्य स्वागत किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं में “गांव चलो अभियान” को लेकर खासा उत्साह और उमंग देखने को मिला।
जिला कांग्रेस कमेटी कांकेर के अध्यक्ष बसंत यादव ने जानकारी दी कि कांकेर विधानसभा में बूथ कमेटी गठन का लगभग 80 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। उन्होंने बताया कि कमेटियों में सक्रिय और कर्मठ कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी जा रही है, ताकि संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती मिल सके।
वहीं, भानुप्रतापपुर विधायक सावित्री मंडावी ने बताया कि उनके विधानसभा क्षेत्र में बूथ कमेटी गठन का करीब 90 प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया में महिला शक्ति को विशेष प्राथमिकता दी गई है और उन्हें कमेटियों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जिससे आगामी चुनावों में बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित किया जा सके।
बैठक को संबोधित करते हुए लेखराम साहू ने कहा कि कांग्रेस संगठन को मजबूत बनाने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में बीएलए-2 (BLA-2) का गठन बेहद जरूरी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे लोगों को जागरूक करते हुए कांग्रेस की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाएं तथा आपसी समन्वय और सहयोग से संगठन को मजबूती दें।
दीपक बैज ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि शीर्ष नेतृत्व के निर्देशानुसार ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में बीएलए-2 का गठन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बूथ पर मजबूत नेतृत्व तैयार करना जरूरी है, ताकि कांग्रेस को चुनाव में सफलता मिल सके। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ काम करने का आह्वान किया।
बैठक में कांकेर विधानसभा क्षेत्र से बसंत यादव, बिरेश ठाकुर, नरेश कुमार ठाकुर, नितिन पोटाई, हेमंत ध्रुव, रूप सिंह पोटाई, मिथिलेश, सुलोचना मेश्राम, तरेंद्र भंडारी, भोम सिंह, उदय शर्मा, राजेश भास्कर, लोकेंद्र यादव, विनोद शोरी, देवेंद्र साहू, मृदुला भास्कर, नरसिंह, रमेश, कमलेश, पद्माकर, सरजू शोरी, सूर्या नेताम सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
वहीं भानुप्रतापपुर विधानसभा की बैठक में विधायक सावित्री मंडावी के साथ ठाकुर राम कश्यप, संतोष शिंदे, नरेंद्र यादव, सुनाराम तेता, हिरवेंद्र साहू, गोपी बढ़ाई, नवली मीणा मांडवी, मंजू सोनकर, धर्मेंद्र मेहता, नूतन महेंद्र नायक, अकरम कुरैशी, प्रदीप, राजेंद्र सलाम सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठकों के समापन पर दीपक बैज और लेखराम साहू ने “गांव चलो अभियान” एवं बूथ कमेटी गठन कार्य को सफलतापूर्वक आगे बढ़ाने पर सभी कार्यकर्ताओं को बधाई और शुभकामनाएं दीं। साथ ही संगठन को और अधिक मजबूत करने के लिए निरंतर सक्रिय रहने का आह्वान किया।



