छत्तीसगढ़

गंगरेल में 14-15 अप्रैल को जिला स्तरीय गोंड समाज सामूहिक विवाह, 55 जोड़ों का होगा परिणय


धमतरी। आदिवासी ध्रुव गोंड समाज जिला धमतरी के तत्वाधान में गंगरेल स्थित आदिशक्ति माँ अंगारमोती धाम परिसर में 14 एवं 15 अप्रैल को जिला स्तरीय सामूहिक विवाह एवं मुख्यमंत्री कन्या विवाह समारोह का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन में लगभग 55 जोड़ों का पंजीयन किया गया है, जिनमें गोंड समाज के साथ अन्य समाजों के जोड़े भी शामिल हैं।
समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि यह विवाह कार्यक्रम पारंपरिक गोंडी रीति-रिवाज, पेन पुरखाओं द्वारा प्रचलित नेंग-दस्तूर एवं संस्कृति के अनुसार संपन्न होगा। 14 अप्रैल को मंडपाच्छादन, चुलमाटी, तेल मायन और हल्दी लेपन जैसे पारंपरिक अनुष्ठान होंगे, जबकि 15 अप्रैल को बारात आगमन, स्वागत, लगन, भांवर, टिकावन एवं आशीर्वाद समारोह का आयोजन किया जाएगा।
आयोजन को लेकर समाज के पदाधिकारी एवं सदस्य जोर-शोर से तैयारियों में जुटे हुए हैं। विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए जिम्मेदारियां तय कर दी गई हैं ताकि कार्यक्रम सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
मुख्यमंत्री को दिया गया निमंत्रण
मुख्यमंत्री कन्या विवाह कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को आमंत्रित किया गया है। महापौर रामू रोहरा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर उन्हें मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का आग्रह किया, जिस पर उन्होंने गंगरेल आने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर समाज के संरक्षक जीवराखन मरई, जयपाल ठाकुर, देवनाथ नेताम, कृष्णा नेताम, महेश रावटे, शिव नेताम, कांशीराम छेदैया, नरसिंग मंडावी, रमी गौतम, भूमिका कोर्राम, पूजा कुंजाम, प्रदीप तुमरेटी सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button