खेड़ा के दिल्ली आवास पहुंची असम पुलिस, तलाशी जारी

खेड़ा ने हिमंता की पत्नी पर विदेशी पासपोर्ट रखने लगाया था आरोप
नई दिल्ली। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के दिल्ली स्थित आवास पर असम पुलिस की टीम पहुंची है। माना जा रहा है कि यह कार्रवाई उन गंभीर आरोपों के बाद हुई है, जो पवन खेड़ा ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा और उनके परिवार पर लगाए थे। मुख्यमंत्री ने इन आरोपों के बाद कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी थी और अब असम पुलिस दिल्ली पुलिस के साथ उनके घर पहुंची है।
पवन खेड़ा ने एक मीडिया वार्ता में दावा किया था कि मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा की पत्नी रिनिकी भुइयां शर्मा के पास यूएई, मिस्र और एंटीगुआ-बारबुडा जैसे तीन अलग-अलग देशों के पासपोर्ट हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने अपने चुनावी हलफनामे में पत्नी की विदेशी संपत्तियों की जानकारी छिपाई है। खेड़ा के अनुसार, दुबई में उनकी दो कीमती संपत्तियां हैं और अमेरिका के व्योमिंग में उनकी कंपनियां चल रही हैं। कांग्रेस ने इन संपत्तियों की जांच ईडी से कराने और चुनाव आयोग से मुख्यमंत्री की उम्मीदवारी रद्द करने की मांग भी की थी।
आपराधिक और नागरिक मानहानि का मामला दर्ज करेंगे : सीएम
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ‘फेक एआई कैंपेन’ और पाकिस्तानी सोशल मीडिया ग्रुप की झूठी जानकारी के आधार पर ये दावे कर रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि दुबई के जिन फ्लैटों का जिक्र हो रहा है, उनके असली मालिक कोई और हैं। उन्होंने पवन खेड़ा को चेतावनी दी थी कि वे इन मनगढ़ंत आरोपों के खिलाफ आपराधिक और नागरिक मानहानि का मामला दर्ज करेंगे।
विदेशी पासपोर्ट रखने के आरोप
दरअसल, पवन खेड़ा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में हिमंता विश्व शर्मा की पत्नी रिनिकी भुयान शर्मा पर विदेशी पासपोर्ट और बिजनेस को लेकर आरोप लगाए थे। उन्होंने दावा किया था कि रिनिकी के पास तीन देशों के एक्टिव पासपोर्ट हैं। उनका विदेशों में इन्वेस्टमेंट है और कई संपत्तियां हैं।
ऐसा झूठ कभी नहीं सुना-रिनिकी भुइयां शर्मा
पवन खेड़ा के इन आरोपों के बाद रिनिकी भुइयां शर्मा ने कहा कि सभी आरोप पूरी तरह से झूठे हैं। मैंने अपने जीवन में ऐसा झूठ कभी नहीं सुना। उन्होंने कहा कि यह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और फोटोशॉप का इस्तेमाल करके किया गया है।
खेड़ा और हिमंता के बीच बयानबाजी
बता दें कि हिमंत विश्व शर्मा ने आरोप लगाया था कि चुनाव परिणामों को प्रभावित करने के लिए उग्रवादी समूहों से संपर्क करने की कोशिश करने के आरोप में वरिष्ठ कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के खिलाफ तीन से चार प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। पवन खेड़ा ने कहा था कि चुनाव परिणाम घोषित होने के कुछ ही हफ्तों के भीतर मुख्यमंत्री को उनके कथित भ्रष्टाचार के कारण जेल में डाल दिया जाएगा। हिमंत विश्व शर्मा ने पत्रकारों को बताया, “असम में चुनाव परिणामों को प्रभावित करने के लिए कुछ उग्रवादी संगठनों से संपर्क करने की कोशिश करने के आरोप में पवन खेड़ा के खिलाफ पहले से ही तीन .चार मामले दर्ज हैं।” उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है। मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा, “इसलिए, चुनाव के बाद पता चलेगा कि जेल कौन जाएगा। मुझे लगता है कि पवन खेड़ा का आखिरी संबोधन असम की जेल में होगा।


