राष्ट्रीय

मतदाताओं में जोश हाई: असम, केरल और पुडुचेरी में वोटिंग के दौरान लंबी कतारें

मतदाताओं में जोश हाई: असम, केरल और पुडुचेरी में वोटिंग के दौरान लंबी कतारें

दिसपुर। असम, केरल और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में आज विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग हो रही है। असम की 126 विधानसभा सीटों पर वोटिंग है। केरल में 140 विधानसभा सीटों पर वोटिंग है। पुडुचेरी में 30 विधानसभा सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। यानी 2 राज्यों एवं एक केंद्र शासित प्रदेश के कुल 296 विधानसभा सीटों पर गुरुवार को वोट डाले जा रहे हैं। असम, केरल और पुडुचेरी में एक ही चरण में मतदान हो रहे हैं। इन सभी राज्यों के वोटों की गिनती 4 मई को की जाएगी। वोटिंग को लेकर इन तीनों ही राज्यों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

विधानसभा चुनाव में असम और केरल की कई सीटें ऐसी हैं, जिन्हें हाई-प्रोफाइल और प्रतिष्ठित सीटें माना जा रही हैं। इन सीटों पर बड़े नेताओं की साख दांव पर है और इनके नतीजे चुनाव की दिशा तय कर सकते हैं। असम की दिसपुर, जोरहाट, डिब्रूगढ़, नगांव, सिलचर, धुबरी इसके साथ ही सीमावर्ती क्षेत्र की अहम सीट राज्य के लिए काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। वहीं, केरल की तिरुवनंतपुरम, नेमोम, पलक्कड़, त्रिशूर, मंजेश्वरम और कोझिकोड नॉर्थ सीट राज्य की हॉट सीटें हैं, जिस पर सभी की नजरें बनी हुई हैं।

असम में चुनावी ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी की मौत
असम विधानसभा चुनाव के बीच सोनितपुर जिले के नदुआ निर्वाचन क्षेत्र में तैनात एक मतदान अधिकारी मृत पाए गए। मृतक का नाम देबेन होरो था और उनकी उम्र 45 वर्ष थी। वह डोलापानी एलपी स्कूल के मतदान केंद्र संख्या 230 पर दूसरे मतदान अधिकारी के रूप में तैनात थे। अधिकारियों ने बताया कि देबेन होरो आज सुबह अपने बिस्तर पर बेहोश मिले थे। जिसके बाद उन्हें तुरंत एम्बुलेंस से पास के अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने किया मतदान, भाजपा को बताया शून्य
केरल विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने तिरुवनंतपुरम में अपना वोट डाला। मतदान के बाद उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, ‘यहां भाजपा का कोई फैक्टर नहीं है। यह एक ऐसा राज्य है जहां विधानसभा में भाजपा शून्य सीट वाली पार्टी है। उनका नाम लेना भी उनके लिए एक बड़ी तारीफ होगी।’ थरूर ने आगे कहा, केरल में असली चुनावी मुकाबला सत्ताधारी एलडीएफ सरकार और चुनौती दे रहे यूडीएफ गठबंधन के बीच है।

कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने जोरहाट में किया मतदान
कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने जोरहाट के डीसीबी गर्ल्स हाई स्कूल में अपना वोट डाला। उन्होंने जीत का भरोसा जताते हुए कहा कि लोगों में भारी उत्साह है और वे लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करते हुए एक नए असम का निर्माण करेंगे।

सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने पूजा कर मांगा आशीर्वाद
126 सदस्यों वाली असम विधानसभा के लिए सुबह 7 बजे से मतदान जारी है। इसी बीच, मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने अपने घर पर विशेष पूजा अर्चना की और भगवान से आशीर्वाद मांगा। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपने घर पूजा करने का एक वीडियो शेयर किया। उन्होंने पोस्ट में लिखा, ‘प्रभु का आशीर्वाद और जनता के विश्वास का संकल्प लेकर, असम के उज्ज्वल भविष्य की ओर।’ उन्होंने एक अन्य पोस्ट में लिखा, आज असम में मतदान हो रहा है। एक बेहतर असम के निर्माण की दिशा में हर आवाज और हर वोट मायने रखता है। लोकतंत्र के इस पर्व के अवसर पर मैं सभी से आग्रह करता हूं कि आप बड़ी संख्या में बाहर निकलें और मतदान करें, ताकि लोकतंत्र को मजबूत बनाया जा सके और असम को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सके।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button