जलभराव को लेकर कांग्रेस के आरोप पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव का पलटवार, कहा– प्रशासन पूरी तरह सक्रिय

जलभराव को लेकर कांग्रेस के आरोप पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव का पलटवार, कहा– प्रशासन पूरी तरह सक्रिय
रायपुर। प्रदेश में बारिश के बाद बने जलभराव की स्थिति को लेकर कांग्रेस द्वारा लगाए गए आरोपों पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि बारिश के कारण कुछ स्थानों पर जलभराव की स्थिति बनती है, लेकिन प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ कार्य कर रहा है और जल्द ही स्थिति सामान्य हो जाएगी। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को बारिश से राहत मिली है, लेकिन कांग्रेस इसे भी स्वीकार नहीं कर पा रही है। उन्होंने दावा किया कि सरकार और प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
मीडिया से चर्चा के दौरान उन्होंने चिंतन शिविर को लेकर भी जानकारी दी। अरुण साव ने कहा कि शिविर में देशभर के विशेषज्ञों, भारत सरकार के अधिकारियों, नीति आयोग के प्रतिनिधियों और विभिन्न क्षेत्रों के जानकारों का मार्गदर्शन मिला, जिससे सरकार की नीतियों को और बेहतर दिशा मिलेगी।
उन्होंने बताया कि प्राकृतिक खेती, कम लागत में बेहतर उत्पादन, रासायनिक खेती के दुष्प्रभाव, पर्यटन को बढ़ावा देने और राज्य की अर्थव्यवस्था में इसके योगदान जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। मंत्रियों ने भी अपनी जिज्ञासाएं रखीं, जिसका लाभ पूरे प्रदेश को मिलेगा।



