छत्तीसगढ़

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से प्रखर समाचार के ब्यूरो चीफ प्रेम मगेन्द्र की सौजन्य भेंट, शाल ओढ़ाकर किया सम्मान

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से प्रखर समाचार के ब्यूरो चीफ प्रेम मगेन्द्र की सौजन्य भेंट, शाल ओढ़ाकर किया सम्मान

धमतरी/देहरादून-  छत्तीसगढ़ शासन के जनसंपर्क विभाग द्वारा आयोजित उत्तराखंड अध्ययन भ्रमण के अंतर्गत छत्तीसगढ़ के पत्रकारों एवं जनसंपर्क अधिकारियों के प्रतिनिधिमंडल ने देहरादून स्थित मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से सौजन्य मुलाकात की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी प्रतिनिधियों का आत्मीय स्वागत करते हुए उन्हें उत्तराखंड की विकास यात्रा, सुशासन की कार्यप्रणाली, पर्यटन विकास, पर्यावरण संरक्षण तथा जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।

प्रतिनिधिमंडल में छत्तीसगढ़ के 20 पत्रकार एवं 5 जनसंपर्क अधिकारी शामिल थे। अध्ययन भ्रमण का उद्देश्य विभिन्न राज्यों की जनसंपर्क व्यवस्था, विकास मॉडल, पर्यटन प्रबंधन, नवाचारों तथा शासन की प्रभावी कार्यप्रणाली का अध्ययन कर उनके अनुभवों का आदान-प्रदान करना था। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने उत्तराखंड सरकार द्वारा संचालित विभिन्न विकास कार्यों एवं जनहितकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकारिता की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। समाज में सकारात्मक सोच, जनजागरूकता और विकास की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने में मीडिया की भूमिका सराहनीय है। उन्होंने कहा कि पत्रकार निष्पक्ष, जिम्मेदार और जनहित की पत्रकारिता के माध्यम से समाज और शासन के बीच मजबूत सेतु का कार्य करते हैं।

इस अवसर पर प्रखर समाचार के ब्यूरो चीफ प्रेम मगेन्द्र सहित सभी पत्रकारों एवं जनसंपर्क अधिकारियों का मुख्यमंत्री द्वारा शाल ओढ़ाकर सम्मान किया गया तथा उत्तराखंड की स्मृति स्वरूप आकर्षक स्मृति-चिह्न भेंट कर अभिनंदन किया गया। सम्मान प्राप्त करने के बाद प्रेम मगेन्द्र ने इसे अपने संस्थान, पाठकों और पत्रकारिता के प्रति समर्पित सभी साथियों का सम्मान बताते हुए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने उत्तराखंड में पर्यटन को बढ़ावा देने, धार्मिक स्थलों के विकास, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, डिजिटल प्रशासन तथा जनसंपर्क विभाग की कार्यशैली से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक सौंदर्य और राज्य में तेजी से हो रहे विकास कार्यों की जानकारी भी दी।

प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने उत्तराखंड सरकार द्वारा किए गए आत्मीय स्वागत एवं सम्मान के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह अध्ययन भ्रमण उनके लिए ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायी रहा। इस भ्रमण से प्राप्त अनुभव निश्चित रूप से छत्तीसगढ़ में बेहतर जनसंपर्क, विकास योजनाओं के प्रभावी प्रचार-प्रसार तथा सकारात्मक पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करेंगे।

यह सम्मान प्रखर समाचार एवं प्रखर टीवी धमतरी के लिए भी गर्व का विषय है। ब्यूरो चीफ प्रेम मगेन्द्र को मिला यह सम्मान न केवल उनकी निष्पक्ष एवं सक्रिय पत्रकारिता का सम्मान है, बल्कि धमतरी जिले और छत्तीसगढ़ की पत्रकारिता के लिए भी गौरव का क्षण है।

विनीत : प्रखर समाचार परिवार एवं प्रखर टीवी, धमतरी

Author Desk

Related Articles

Back to top button