महापौर, कलेक्टर एवं निगम आयुक्त ने शहर के प्रमुख विकास कार्यों का किया संयुक्त निरीक्षण

महापौर, कलेक्टर एवं निगम आयुक्त ने शहर के प्रमुख विकास कार्यों का किया संयुक्त निरीक्ष
गुणवत्ता और समय-सीमा के साथ कार्य पूर्ण करने के दिए निर्देश, धमतरी को आधुनिक एवं सुविधासंपन्न शहर बनाने पर जोधमतरी शहर में नागरिक सुविधाओं के विस्तार एवं शहरी अधोसंरचना को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से संचालित विभिन्न विकास कार्यों का महापौर रामू रोहरा, कलेक्टर अबिनाश मिश्रा एवं नवपदस्थ नगर निगम आयुक्त अरुण कुमार वर्मा ने संयुक्त रूप से स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने निर्माणाधीन परियोजनाओं की गुणवत्ता, कार्यों की प्रगति एवं समय-सीमा की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों और कार्यदायी एजेंसियों को सभी कार्य निर्धारित समय में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान निर्माणाधीन वाटर ट्रीटमेंट प्लांट, नहर नाका चौक, जालमपुर स्थित बॉक्स क्रिकेट परिसर, सिहावा चौक के समीप निर्माणाधीन अत्याधुनिक ऑडिटोरियम, खपरी-अर्जुनी स्थित निर्माणाधीन बस स्टैंड तथा कांटा तालाब में विकसित की जा रही चौपाटी का अवलोकन किया गया। अधिकारियों ने प्रत्येक परियोजना में निर्माण सामग्री की गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों एवं कार्य की गति पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
संयुक्त निरीक्षण के दौरान सिहावा चौक से कोलियारी तथा रत्नाबांधा से मुजगहन तक चल रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य का भी जायजा लिया गया। ड्रेनेज व्यवस्था, पैदल पथ निर्माण, विद्युत लाइन शिफ्टिंग तथा यातायात प्रबंधन से जुड़े कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि सड़क चौड़ीकरण पूरा होने के बाद यातायात अधिक सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित होगा।
महापौर रामू रोहरा ने कहा कि धमतरी का समग्र, संतुलित एवं सुनियोजित विकास नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। शहर में चल रहे सभी विकास कार्यों का उद्देश्य नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं, सुगम यातायात, स्वच्छ एवं आकर्षक सार्वजनिक स्थल तथा आधुनिक शहरी अधोसंरचना उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक निर्माण कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों एवं समय-सीमा के अनुरूप पूरा किया जाए, ताकि नागरिकों को शीघ्र लाभ मिल सके।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से धमतरी शहर को आधुनिक, सुव्यवस्थित और आकर्षक स्वरूप मिलेगा। बेहतर यातायात व्यवस्था, खेल सुविधाएं, सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए आधुनिक अधोसंरचना तथा नागरिकों के लिए विकसित सार्वजनिक स्थल शहर के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का लक्ष्य धमतरी को सुविधासंपन्न, स्वच्छ, सुरक्षित और जनोन्मुखी शहर के रूप में विकसित करना है।
सिहावा चौक स्थित निर्माणाधीन ऑडिटोरियम का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने फॉल्स सीलिंग, वातानुकूलन व्यवस्था, आधुनिक साउंड सिस्टम, आकर्षक प्रकाश व्यवस्था एवं दर्शकों के लिए आरामदायक बैठने की सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अक्टूबर माह तक निर्माण कार्य पूर्ण करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया।
इसके बाद कांटा तालाब चौपाटी का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों ने इसे शहर का प्रमुख आकर्षण एवं पारिवारिक मनोरंजन केंद्र के रूप में विकसित करने पर जोर दिया। नागरिकों की सुविधा के लिए बहु-प्रवेश द्वार, व्यवस्थित दुकानें, आकर्षक सेल्फी प्वाइंट, हरित क्षेत्र, सौंदर्यीकरण, पर्याप्त बैठने की व्यवस्था तथा ऊर्जा दक्ष प्रकाश व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही रत्नाबांधा-मुस्कान क्षेत्र के मध्य स्थित तालाब परिसर में भी चौपाटी विकसित करने की संभावनाओं का परीक्षण किया गया तथा पीजी कॉलेज मार्ग का निरीक्षण कर आवश्यक तकनीकी एवं प्रशासनिक दिशा-निर्देश दिए गए।
नगर निगम आयुक्त अरुण कुमार वर्मा ने कहा कि पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने शहर के सभी प्रमुख विकास कार्यों का स्थल निरीक्षण कर उनकी प्रगति का आकलन किया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए कि सभी निर्माणाधीन परियोजनाओं को तय समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए तथा प्रक्रियाधीन विकास कार्यों की प्रशासनिक एवं तकनीकी औपचारिकताएं शीघ्र पूरी कर कार्य प्रारंभ किए जाएं। उन्होंने कहा कि नगर निगम पारदर्शी, जवाबदेह एवं परिणाममुखी कार्यशैली के माध्यम से शहर के समग्र एवं सतत विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त पी.सी. सर्वा, लोक निर्माण विभाग के एसडीओ मुरलीधर पैकरा सहित नगर निगम, लोक निर्माण विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



