बीजापुर और नारायणपुर उप जेल को मिला जिला जेल का दर्जा

जेल विभाग ने जारी किया आदेश
रायपुर। राज्य सरकार ने प्रदेश की जेल व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ा फैसला लेते हुए बीजापुर और नारायणपुर उप जेल के उन्नयन (अपग्रेड) को मंजूरी दे दी है। इस संबंध में जेल विभाग ने आदेश जारी कर दोनों उप जेलों को जिला जेल के समकक्ष अधिसूचित कर दिया है।
जारी आदेश के अनुसार, अब बीजापुर और नारायणपुर की उप जेलें जिला जेल के स्तर पर संचालित होंगी। उन्नयन के बाद दोनों जेलों में प्रशासनिक व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन, कैदियों की क्षमता और अन्य सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। इससे स्थानीय स्तर पर बंदियों के बेहतर प्रबंधन के साथ न्यायिक प्रक्रिया को भी गति मिलने की उम्मीद है। सरकार के इस निर्णय से इन क्षेत्रों में जेल प्रशासन को अधिक संसाधन और अधिकार मिलेंगे। साथ ही, बंदियों को अन्य जिलों की जेलों में स्थानांतरित करने की आवश्यकता भी कम होगी, जिससे सुरक्षा और परिवहन संबंधी चुनौतियों में कमी आएगी।
डीजी जेल हिमांशु गुप्ता ने मीडिया को बताया कि इन जेलों के उन्नयन से बंदियों के लिए सुविधाओं में इजाफा, जेल की बंदी क्षमता में वृद्धि, उन्नत स्वास्थ्य सेवाएं, सुधार एवं कौशल विकास, परिजनों को सुविधा, सुरक्षा जोखिम में कमी, बल की बचत एवं सुरक्षा व बुनियादी ढांचे का विकास होगा।



