सनातन देवी-देवताओं पर अभद्र टिप्पणी, सोशल मीडिया पोस्ट पर एफआईआर

कटघोरा। कोरबा जिले के कटघोरा में सोशल मीडिया पर भगवान शिव और राम सहित सनातन देवी-देवताओं को लेकर कथित तौर पर अभद्र टिप्पणी करने के मामले में पुलिस ने युवक नितेश मिरी उर्फ मिंटू मिरी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। आरोपी पर अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से अमर्यादित पोस्ट शेयर करने का आरोप है, जिसके बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश देखने को मिला।
जानकारी के अनुसार, सावन पर्व के दौरान मांस सेवन को लेकर आरोपी द्वारा सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया गया था। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि वीडियो में भगवान शिव और सनातन धर्म के देवी-देवताओं को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की गई, जिससे श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं। मामले को लेकर भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मीना शर्मा, जिला उपाध्यक्ष मनोज डिकसेना समेत भाजपा के कई पदाधिकारी और स्थानीय नागरिक कटघोरा थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस को लिखित शिकायत सौंपते हुए आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
शिकायतकर्ताओं ने कहा कि सावन जैसे पवित्र महीने में धार्मिक आस्था से जुड़े देवी-देवताओं के संबंध में इस तरह की कथित आपत्तिजनक टिप्पणी से लोगों में नाराजगी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कटघोरा थाना पुलिस ने नितेश मिरी उर्फ मिंटू मिरी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 299 के तहत मामला दर्ज किया है।



