छत्तीसगढ़

हरेली पर्व पर यादव समाज ने बांटी पारंपरिक जड़ी-बूटी औषधि, स्वस्थ जीवन की कामना

लोक परंपराओं और पारंपरिक ज्ञान को सहेजना हम सभी की जिम्मेदारी- दीपक सोनकर

 

हरेली पर्व पर यादव समाज ने बांटी पारंपरिक जड़ी-बूटी औषधि, स्वस्थ जीवन की कामना

लोक परंपराओं और पारंपरिक ज्ञान को सहेजना हम सभी की जिम्मेदारी- दीपक सोनकर

धमतरी। हरेली के पावन पर्व के अवसर पर महिमासागर वार्ड में यादव समाज द्वारा पारंपरिक जड़ी-बूटी औषधि वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। समाजजनों ने हरेली की लोक परंपरा को जीवंत रखते हुए विभिन्न वनौषधियों से तैयार पारंपरिक औषधि का वितरण किया और लोगों के अच्छे स्वास्थ्य एवं निरोगी जीवन की कामना की। कार्यक्रम में वार्ड पार्षद एवं नगर निगम नेता प्रतिपक्ष दीपक सोनकर विशेष रूप से शामिल हुए।

यादव समाज द्वारा वर्षों से चली आ रही पारंपरिक मान्यता और लोकज्ञान के अनुरूप जंगलों से विभिन्न प्रकार की जड़ी-बूटियां एकत्रित कर विशेष विधि से औषधि तैयार की जाती है। इस पारंपरिक औषधि में दसमूल, द्वितीकंद, जगमंडल, माछली, जंगली प्याज सहित कई वनौषधियों का उपयोग किया जाता है। हरेली पर्व के अवसर पर इस औषधि का वितरण कर लोगों को हमारी पुरानी लोक परंपराओं, वनौषधियों और प्राकृतिक जीवनशैली से जोड़ने का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष दीपक सोनकर ने कहा कि हरेली केवल कृषि और प्रकृति से जुड़ा पर्व ही नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपरा और पारंपरिक ज्ञान का प्रतीक है। यादव समाज द्वारा हरेली के अवसर पर जड़ी-बूटी औषधि वितरण की यह पहल हमारी पुरानी परंपराओं को आगे बढ़ाने का सराहनीय प्रयास है। उन्होंने कहा कि आधुनिक दौर में नई पीढ़ी को अपनी लोक संस्कृति और पारंपरिक ज्ञान से परिचित कराना आवश्यक है। ऐसे आयोजनों से समाज में आपसी भाईचारा और सामाजिक एकता भी मजबूत होती है।

उन्होंने हरेली पर्व की शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुख, समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। साथ ही समाज की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि हमारी लोक परंपराओं में प्रकृति के प्रति सम्मान और स्वस्थ जीवन का संदेश छिपा हुआ है, जिसे आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम के दौरान वार्डवासियों में भी उत्साह देखने को मिला। लोगों ने पारंपरिक औषधि ग्रहण की और यादव समाज द्वारा आयोजित इस आयोजन की सराहना की। समाजजनों ने बताया कि हरेली के अवसर पर पारंपरिक जड़ी-बूटी का वितरण लंबे समय से लोक परंपरा का हिस्सा रहा है और इसका उद्देश्य लोगों को प्राकृतिक वनौषधियों के महत्व से अवगत कराना है।

कार्यक्रम में उर्मिला यादव, महादेव यादव, आदित्य यादव, लक्की यादव, चित्रसेन साहू, जागु राम साहू सहित यादव समाज के पदाधिकारी, सदस्य एवं बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे। सभी ने एक-दूसरे को हरेली पर्व की शुभकामनाएं दीं और छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक परंपराओं एवं संस्कृति को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

Author Desk

Related Articles

Back to top button