छत्तीसगढ़

चिन्हारी रिसॉर्ट में हुई तैराकी प्रतियोगिता, विद्यार्थियों ने दिखाया हुनर

चिन्हारी रिसॉर्ट में हुई तैराकी प्रतियोगिता, विद्यार्थियों ने दिखाया हुनर

चिन्हारी रिसॉर्ट में हुई तैराकी प्रतियोगिता, विद्यार्थियों ने दिखाया हुनर

पढ़ाई के साथ खेल और स्वस्थ जीवन की भावना को बढ़ावा देने स्कूल शिक्षा विभाग की अभिनव पहल

धमतरी। स्कूल शिक्षा विभाग, जिला धमतरी के तत्वावधान में विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक एवं सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चिन्हारी रिसॉर्ट, रुद्री में स्विमिंग पूल तैराकी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिले के विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे छात्र-छात्राओं ने प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी तैराकी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्री दयाराम साहू, पूर्व प्रदेश महामंत्री साहू संघ एवं प्रदेश मंत्री, सहकार भारती छत्तीसगढ़ उपस्थित रहे।

इस अवसर पर श्रीमती श्यामा देवी, जिला पंचायत सदस्य एवं सभापति तथा जिला उपाध्यक्ष भाजपा, मुकेश यादव, अध्यक्ष शाला प्रबंधन समिति शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल रुद्री, हीरेन्द्र साहू, अध्यक्ष सहकार भारती जिला धमतरी, सहित नरेश साहू, संचालक चिन्हारी रिसॉर्ट, पचौरी सर, योगी सर, बनपेला सर तथा विभिन्न विद्यालयों से आए पीटीआई शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

खेलों से बच्चों में बढ़ता है आत्मविश्वास

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अतिथियों ने कहा कि वर्तमान समय में विद्यार्थियों के लिए केवल पुस्तकीय ज्ञान ही पर्याप्त नहीं है। शिक्षा के साथ बच्चों का शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक मजबूती, आत्मविश्वास, अनुशासन एवं नेतृत्व क्षमता विकसित करना भी आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि तैराकी जैसे खेल विद्यार्थियों को शारीरिक रूप से मजबूत बनाने के साथ ही विपरीत परिस्थितियों का सामना करने का आत्मविश्वास भी प्रदान करते हैं। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा इस तरह के अभिनव आयोजन किए जाना विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में सराहनीय पहल है।

अतिथियों ने कहा कि ग्रामीण एवं शासकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों को भी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने के समान अवसर मिलना चाहिए। ऐसे आयोजन बच्चों को अपनी प्रतिभा पहचानने और उसे निखारने का मंच प्रदान करते हैं।

विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा

तैराकी प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों से आए विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ सहभागिता की। अलग-अलग वर्गों में विद्यार्थियों ने तैराकी का प्रदर्शन करते हुए खेल भावना, अनुशासन और प्रतिस्पर्धात्मक उत्साह का परिचय दिया।

प्रतियोगिता के दौरान पीटीआई शिक्षकों ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया तथा सुरक्षा एवं खेल नियमों का विशेष ध्यान रखा। प्रतियोगिता को लेकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

भविष्य में भी खेल गतिविधियों को मिलेगा बढ़ावा

कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों एवं आयोजकों ने कहा कि विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए भविष्य में भी तैराकी सहित अन्य खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के प्रयास किए जाएंगे। खेलों को शिक्षा का अभिन्न हिस्सा बनाकर विद्यार्थियों को स्वस्थ एवं आत्मविश्वासी बनाने की दिशा में लगातार काम किया जाएगा।

कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के उत्साहपूर्ण सहभागिता के साथ हुआ। आयोजन ने जिले में “पढ़ाई के साथ खेल और स्वस्थ जीवन” की भावना को मजबूत करने का सकारात्मक संदेश दिया।

Author Desk

Related Articles

Back to top button