छत्तीसगढ़

कांवड़ियों का स्वागत कर दूध-केले की प्रसादी बांटी, हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजा नागेश्वर मंदिर

कांवड़ियों का स्वागत कर दूध-केले की प्रसादी बांटी, हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजा नागेश्वर मंदिर

धमतरी। रिसाई पारा स्थित प्रसिद्ध नागेश्वर महादेव मंदिर में सावन के तीसरे सोमवार को श्रद्धा और भक्ति का विशेष माहौल रहा। सुबह से ही भगवान भोलेनाथ के दर्शन एवं जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी। मंदिर समिति द्वारा विधि-विधान से भगवान नागेश्वर महादेव का जलाभिषेक एवं आरती की गई।

तीसरे सावन सोमवार को शहर भ्रमण करते हुए कांवड़ियों का जत्था नागेश्वर महादेव मंदिर पहुंचा। मंदिर पहुंचने पर समिति के सदस्यों एवं श्रद्धालुओं ने कांवड़ियों का आत्मीय स्वागत किया और उन्हें प्रसादी स्वरूप दूध एवं केले वितरित किए। इसके बाद कांवड़ियों ने अपने साथ लाए पवित्र जल से भगवान नागेश्वर महादेव का जलाभिषेक कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।

जयकारों से भक्तिमय हुआ मंदिर परिसर

कांवड़ियों के मंदिर पहुंचते ही पूरा परिसर ‘हर-हर महादेव’, ‘बोल बम’ और ‘ॐ नमः शिवाय’ के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालु एवं कांवड़िए भगवान शिव की भक्ति में लीन नजर आए। श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य एवं खुशहाली की कामना की।

मंदिर समिति के सदस्यों ने बताया कि सावन माह भगवान शिव की आराधना का विशेष पर्व है। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु विभिन्न स्थानों से पवित्र जल लेकर पहुंचते हैं और भगवान शिव का जलाभिषेक करते हैं। इसी परंपरा के तहत तीसरे सोमवार को भी कांवड़ियों ने नागेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर भगवान का जलाभिषेक किया।

सावनभर प्रतिदिन हो रहा जलाभिषेक

सावन माह में नागेश्वर महादेव मंदिर में प्रतिदिन श्रद्धालुओं द्वारा जलाभिषेक किया जा रहा है। मंदिर समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। सोमवार को कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं के लिए विशेष रूप से दूध-केले की प्रसादी का वितरण किया गया। वहीं अंतिम सावन सोमवार को मंदिर परिसर में भंडारे का आयोजन किया जाएगा।

इस अवसर पर मंदिर समिति के संरक्षक दीपक लखोटिया, भूरा ग्वाल, अध्यक्ष भजन काररा, पार्षद मेघराज ठाकुर, यशवंत कौशिक, राजेंद्र शर्मा, अनिल कामरानी, रौनक ठाकुर, श्वेता ठाकुर, अनुराध ग्वाल, ज्योति गुप्ता सहित मंदिर समिति के सदस्य, कांवड़िए एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Author Desk

Related Articles

Back to top button