छत्तीसगढ़

पुरी में मंदिर की ऊंचाई पर पहुंचा युवक, श्रद्धालुओं में मची खलबली, छत्तीसगढ़ से कनेक्शन

पुरी। ओडिशा के पुरी स्थित श्रीजगन्नाथ मंदिर में मंगलवार को उस समय हडक़ंप मच गया, जब एक युवक मंदिर की संरचना पर चढक़र ऊपरी हिस्से तक पहुंच गया और वहां बैठ गया। मंदिर की ऊंचाई पर युवक को देखकर श्रद्धालुओं और मंदिर प्रशासन के अधिकारियों में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में है। मिली जानकारी के अनुसार, युवक की पहचान माधव गोपीनाथ नायक के रूप में हुई है। वह छत्तीसगढ़ का रहने वाला बताया जा रहा है। युवक मंदिर के ऊपरी हिस्से तक कैसे पहुंचा, इसे लेकर फिलहाल जांच की जा रही है।

बंदर के पर्स छीनने का किया दावा

बताया जा रहा है कि मंदिर की ऊंचाई पर युवक के पहुंचने की जानकारी मिलते ही अधिकारियों ने उसे सुरक्षित नीचे उतारने की कार्रवाई शुरू की। हालांकि, युवक बाद में खुद ही नीचे उतर आया, जिसके बाद अधिकारियों ने उसे सुरक्षित जमीन पर पहुंचाया। पूछताछ में युवक ने कथित तौर पर बताया कि एक बंदर उसका पर्स छीनकर ले गया था। उसका दावा था कि पर्स वापस लेने की कोशिश में वह मंदिर की संरचना पर चढ़ गया। हालांकि, वह मंदिर के ऊपरी हिस्से तक किस रास्ते से पहुंचा और घटना का पूरा क्रम क्या था, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

युवक का कराया गया मेडिकल परीक्षण

घटना के बाद माधव गोपीनाथ नायक को पुरी जिला मुख्यालय अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया। अधिकारियों ने उसके परिवार से भी संपर्क किया है। परिवार की ओर से युवक की मानसिक स्थिति को लेकर भी कुछ बातें बताई गई हैं, हालांकि उसकी वास्तविक चिकित्सकीय स्थिति की पुष्टि मेडिकल जांच और संबंधित अधिकारियों की रिपोर्ट के बाद ही होगी।

मामले की जांच जारी

घटना के बाद संबंधित अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी है। जांच में युवक के मंदिर पर चढऩे की पूरी घटना, उसके द्वारा इस्तेमाल किए गए रास्ते और सुरक्षा व्यवस्था में संभावित चूक के बिंदुओं को देखा जा रहा है। फिलहाल युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है और उसका मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है। घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जांच पूरी होने के बाद सामने आने की उम्मीद है।

Author Desk

Related Articles

Back to top button