छत्तीसगढ़

अचानकमार में मशरूम लेने शावकों के करीब पहुंचा युवक, बाघिन के जानलेवा हमले में मौत

मुंगेली। अचानकमार टाइगर रिजर्व के प्रतिबंधित वन क्षेत्र में प्रवेश करना एक युवक को भारी पड़ गया। दो शावकों के साथ घूम रही बाघिन ने जंगल में पिहरी (मशरूम) निकालने पहुंचे युवकों पर हमला कर दिया। इस दौरान 23 वर्षीय धर्मजीत धृतलहरे बाघिन की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हडक़ंप मच गया है।

जानकारी के मुताबिक, घटना 24 अगस्त की है। ग्राम बांधा निवासी धर्मजीत धृतलहरे अपने साथी भानु प्रताप, शिवशंकर ध्रुव, दशरथ धृतलहरे और रामफल धृतलहरे के साथ जंगल में पिहरी निकालने गया था। सभी युवक जोगीपुर परिसर के पाड़ाडोंगरी के पास पहुंचे थे। इसी दौरान दो शावकों के साथ मौजूद बाघिन ने युवकों को देखकर हमला कर दिया और उन्हें दौड़ाया।

हमले के दौरान धर्मजीत बाघिन की चपेट में आ गया। बताया जा रहा है कि बाघिन ने उसकी गर्दन पर हमला किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। साथियों ने उसे बचाने और जंगल से बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन वे सफल नहीं हो सके। घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को बरामद किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

घटनास्थल के आसपास मौजूद है बाघिन

एटीआर के एसडीओ समीर जोनाथन ने मीडिया को बताया कि प्रारंभिक तौर पर बाघिन के हमले से युवक की मौत की पुष्टि हुई है। मौत के वास्तविक कारणों की विस्तृत जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी। उच्च अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेंगे। बताया जा रहा है कि बाघिन अभी भी अपने शावकों के साथ घटनास्थल के आसपास मौजूद है। इसे देखते हुए वन विभाग ने आसपास के ग्रामीणों को जंगल की ओर नहीं जाने की कड़ी हिदायत दी है।

Author Desk

Related Articles

Back to top button