छत्तीसगढ़

आइजीकेवी में फिर प्रश्नपत्र लीक की शिकायत, परीक्षा से 5 घंटे पहले व्हाट्सएप पर वायरल हुआ जेनेटिक्स का पेपर

रायपुर। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (आइजीकेवी) में प्रश्नपत्र लीक का एक और मामला सामने आया है। 19 अगस्त को आयोजित बीएससी कृषि प्रथम वर्ष के द्वितीय सेमेस्टर के फंडामेंटल्स ऑफ जेनेटिक्स विषय के प्रश्नपत्र के परीक्षा शुरू होने से करीब पांच घंटे पहले व्हॉट्सऐप पर वायरल होने की शिकायत सामने आई है। मामले की जानकारी मिलने के बाद विश्वविद्यालय ने तेलीबांधा थाने में पुलिस जांच के लिए शिकायत दी है।

बताया जा रहा है कि जेनेटिक्स की परीक्षा सुबह 9.30 बजे शुरू होनी थी, जबकि कथित तौर पर प्रश्नपत्र और उसके उत्तरों वाली पीडीएफ सुबह करीब 4 बजे व्हॉट्सऐप ग्रुप में साझा हो गई थी। मामला सामने आने के बाद विश्वविद्यालय ने इसकी जांच के लिए पांच सदस्यीय समिति गठित की है।

लिफाफों में मिली छेड़छाड़ के संकेत
विश्वविद्यालय की प्रारंभिक जांच में प्रश्नपत्रों को भेजे गए लिफाफों में छेड़छाड़ के संकेत मिलने की बात सामने आई है। इनमें जेनेटिक्स का प्रश्नपत्र रखने वाला लिफाफा भी शामिल बताया गया है। विश्वविद्यालय के मुताबिक, ये संकेत पहले सामने आए प्रश्नपत्र लीक मामले में मिले संकेतों से मिलते-जुलते हैं। हालांकि पूरे मामले की वास्तविक स्थिति पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। विश्वविद्यालय ने कथित तौर पर लीक हुए प्रश्नों और उत्तरों वाली पीडीएफ, मूल प्रश्नपत्र, प्रकाशित खबर की प्रति और जांच समिति की रिपोर्ट पुलिस को सौंप दी है। तेलीबांधा थाना पुलिस ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

5 सदस्यीय समिति गठित
प्रबंधन के अनुसार, जांच के लिए विवि स्तर पर भी 5 सदस्यीय समिति गठित कर दी गई है। समिति ने भारतीय कृषि महाविद्यालय में भेजे गए प्रश्न पत्र के लिफाफे (जो विश्वविद्यालय को वापस प्राप्त हुए) का अवलोकन एवं परीक्षण किया गया। प्रथम दृष्टया उक्त प्रश्न पत्र के लिफाफे में भी उसी प्रकार की छेड़छाड़ होना प्रतीत हुआ है जिसका पूर्व में पुलिस विभाग द्वारा पेपर लीक मामले में खुलासा किया गया है।

पीडीएफ फॉर्मेट में प्रश्नपत्र
वायरल हुआ प्रश्नपत्र पीडीएफ फॉर्मेट में था। पीडीएफ फाइल के सवाल और परीक्षा में पूछे गए अधिकतर सवाल समान थे। ना केवल कम अंक वाले सवाल बल्कि 6 अंकों वाले दीर्घ उत्तरीय प्रश्न भी इसमें शामिल थे। पार्ट-ए, पार्ट-बी और पार्ट-सी के सवाल पीडीएफ में मौजूद थे। अलग-अलग पार्ट में लिंकज, सेल साइकिल, ट्रांसक्रिप्शन, मल्टीपल एलील्स, डबल हैप्लायड, प्लियोट्रापी, यूकैरियोटिक क्रोमोसोम, एपिस्टेसिस, जीन इंटरैक्शन, मेंडल के लॉज, म्यूटेशन सहित अन्य सवाल थे। प्रश्नपत्र के पार्ट-सी में 6 नबंर के दीर्घ उत्तरीय सवाल पूछे गए थे। पीडीएफ ये सवाल उत्तर सहित थे।

Author Desk

Related Articles

Back to top button