गुढिय़ारी पड़ाव में धार्मिक प्रतिमाएं क्षतिग्रस्त, तनाव के बाद भारी पुलिस बल तैनात

रायपुर। राजधानी के गुढिय़ारी थोक मार्केट स्थित पड़ाव इलाके में गुरुवार सुबह धार्मिक प्रतिमाओं को क्षतिग्रस्त किए जाने की घटना सामने आने के बाद तनाव की स्थिति निर्मित हो गई। मंदिर परिसर में स्थापित साईं बाबा, भगवान हनुमान और भगवान शिव की प्रतिमाएं क्षतिग्रस्त मिलीं। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अतिरिक्त बल तैनात कर दिया।
सुबह स्थानीय लोगों ने मंदिर परिसर में प्रतिमाओं को क्षतिग्रस्त हालत में देखा। देखते ही देखते खबर पूरे इलाके में फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना मिलने पर बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता भी पहुंच गए। कार्यकर्ताओं ने घटना पर नाराजगी जताते हुए दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
भीड़ बढ़ी तो पुलिस ने संभाला मोर्चा
मौके पर लोगों की संख्या बढऩे की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी अतिरिक्त बल के साथ पहुंचे। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी। अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। पुलिस के सामने फिलहाल सबसे बड़ी चुनौती घटना को अंजाम देने वाले व्यक्ति की पहचान करना है। पुलिस आसपास के लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है। साथ ही घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
सीसीटीवी फुटेज से खुलेगा राज
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। माना जा रहा है कि कैमरों में घटना से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं। फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान करने और घटना की परिस्थितियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
संवेदनशील इलाके में पुलिस की निगरानी
धार्मिक प्रतिमाओं को नुकसान पहुंचाए जाने के बाद पुलिस पूरे क्षेत्र की स्थिति पर नजर बनाए हुए है। एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर जरूरी कदम उठाया जा रहा है। फिलहाल पुलिस की मौजूदगी में इलाके का माहौल सामान्य बनाए रखने का प्रयास जारी है। घटना को लेकर लोगों में नाराजगी है और हिंदू संगठनों ने दोषी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही घटना के पीछे की वास्तविक वजह और जिम्मेदार व्यक्ति के बारे में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



