छत्तीसगढ़

जन्माष्टमी के पावन अवसर पर महापौर कर रहे ओछी राजनीति और सस्ती लोकप्रियता हासिल करने का प्रयास : विशु देवांगन

जन्माष्टमी के पावन अवसर पर महापौर कर रहे ओछी राजनीति और सस्ती लोकप्रियता हासिल करने का प्रयास : विशु देवांगन

 

धमतरी। जन्माष्टमी के अवसर पर नगर निगम द्वारा घड़ी चौक में आयोजित किए जाने वाले दही-हांडी कार्यक्रम को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। नगर निगम धमतरी के उपनेता प्रतिपक्ष सत्येंद्र ‘विशु’ देवांगन ने हिंदू संगठनों के समर्थन में बयान जारी करते हुए महापौर पर धार्मिक आयोजन के राजनीतिकरण का आरोप लगाया है।

 

विशु देवांगन ने कहा कि धमतरी शहर के हृदय स्थल घड़ी चौक में हिंदू संगठनों द्वारा कई वर्षों से जन्माष्टमी के अवसर पर दही-हांडी प्रतियोगिता सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का निरंतर आयोजन किया जाता रहा है। इन आयोजनों के माध्यम से धर्म के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ ही समाज में आपसी भाईचारे, सद्भाव और एकता का संदेश दिया जाता रहा है। उन्होंने कहा कि इन आयोजनों को शहरवासियों का भी वर्षों से भरपूर सहयोग और प्रेम मिलता रहा है।

 

उन्होंने आरोप लगाया कि अब नगर निगम द्वारा उसी परंपरागत आयोजन को राजनीतिक रंग देने का प्रयास किया जा रहा है। वर्षों से आयोजन की तैयारी और व्यवस्था में जुटे हिंदू संगठनों को विश्वास में लिए बिना कार्यक्रम आयोजित करना केवल एक व्यक्ति की छवि चमकाने और राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास प्रतीत होता है।

 

उपनेता प्रतिपक्ष ने कहा कि धार्मिक आयोजनों का राजनीतिकरण उन लोगों के साथ विश्वासघात है, जिन्होंने वर्षों की मेहनत से इन आयोजनों को भव्य स्वरूप दिया है। साथ ही धर्म और आस्था से जुड़े आयोजनों को व्यक्तिगत प्रचार का माध्यम बनाना भी उचित नहीं है।

 

उन्होंने कहा, “धर्म, आस्था और भाईचारे का विषय है, इसे राजनीति और व्यक्तिगत प्रचार का माध्यम नहीं बनाया जाना चाहिए।” उन्होंने नगर निगम से मांग की कि जन्माष्टमी के आयोजन में वर्षों से सक्रिय हिंदू संगठनों को भी विश्वास में लेकर उनकी भावनाओं और परंपराओं का सम्मान किया जाए।

Author Desk

Related Articles

Back to top button