छत्तीसगढ़

कांग्रेस में बड़ा फेरबदल: भूपेश बघेल से पंजाब का प्रभार वापस, पायलट की जगह सुखदेव भगत छत्तीसगढ़ प्रभारी

रायपुर। कांग्रेस ने संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए कई राज्यों में महासचिव और प्रभारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया है। इस फेरबदल में छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की जिम्मेदारी भी बदली गई है। पार्टी ने उनसे पंजाब का प्रभार वापस लेते हुए उन्हें असम का एआईसीसी महासचिव प्रभारी नियुक्त किया है। कांग्रेस ने बघेल को असम में संगठन को मजबूत करने और पार्टी की राजनीतिक गतिविधियों को गति देने की जिम्मेदारी सौंपी है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री के रूप में करीब पांच साल तक सरकार का नेतृत्व कर चुके बघेल के अनुभव को देखते हुए उनकी नई नियुक्ति को पार्टी के लिए अहम माना जा रहा है।

सुखदेव भगत होंगे छत्तीसगढ़ के नए प्रभारी

कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ में भी प्रभारी बदल दिया है। पार्टी ने झारखंड के वरिष्ठ नेता और लोहरदगा से लोकसभा सांसद सुखदेव भगत को छत्तीसगढ़ का नया प्रभारी नियुक्त किया है। सुखदेव भगत ने 2024 के लोकसभा चुनाव में लोहरदगा (एसटी) सीट से कांग्रेस के टिकट पर जीत दर्ज की थी। अब छत्तीसगढ़ में उन्हें पार्टी संगठन को मजबूत करने के साथ कार्यकर्ताओं को एकजुट करने और आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए संगठन को तैयार करने की जिम्मेदारी निभानी होगी।

सचिन पायलट को पंजाब की जिम्मेदारी

भूपेश बघेल से पंजाब का प्रभार वापस लेने के बाद कांग्रेस ने यह जिम्मेदारी सचिन पायलट को सौंपी है। उन्हें पंजाब कांग्रेस का महासचिव प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं रणदीप सिंह सुरजेवाला को गुजरात का महासचिव प्रभारी बनाया गया है। उन्हें कर्नाटक का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। इसके अलावा डॉ. सिरीवेला प्रसाद को महाराष्ट्र और पी.वी. मोहन को आंध्र प्रदेश का प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीँ फेरबदल में जितेंद्र सिंह, रमेश चेन्निथला और मणिकम टैगोर को महासचिव/प्रभारी पद से हटा दिया गया है। हालांकि मुकुल वासनिक एआईसीसी महासचिव के पद पर बने रहेंगे।

Author Desk

Related Articles

Back to top button