दिल्ली में त्रिपुरा के युवक से कथित नस्लीय दुर्व्यवहार पर बवाल, कंटेंट क्रिएटर आमिर शौकीन ने मांगी माफी

वायरल वीडियो से पूर्वोत्तर में नाराजगी, केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कार्रवाई की बात कही
नई दिल्ली। दिल्ली में त्रिपुरा के एक युवक के साथ कथित नस्लीय दुर्व्यवहार का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद बढ़ गया है। कंटेंट क्रिएटर आमिर शौकीन पर युवक के खिलाफ नस्लीय टिप्पणियां करने, आपत्तिजनक इशारे करने और त्रिपुरा के लोगों के लिए अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल करने के आरोप लगे हैं। घटना को लेकर पूर्वोत्तर के लोगों में नाराजगी है और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग तेज हो गई है। विवाद बढऩे के बाद आमिर शौकीन ने इंस्टाग्राम पर माफी मांगी है। हालांकि, उनकी माफी के बावजूद मामले में कानूनी कार्रवाई की मांग जारी है।
आमिर शौकीन ने इंस्टाग्राम पर मांगी माफी
विवाद बढऩे के बाद कंटेंट क्रिएटर आमिर शौकीन ने सोशल मीडिया पर माफी जारी की। उन्होंने दावा किया कि वीडियो पहले से तय पटकथा यानी स्क्रिप्ट के तहत बनाया गया था और उसमें दिखाई देने वाला युवक उनका परिचित था। आमिर ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति या समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था। उन्होंने त्रिपुरा के लोगों से माफी मांगते हुए कहा कि यदि उनकी बातों से किसी की भावनाएं आहत हुई हैं, तो उन्हें इसका अफसोस है।
हालांकि, वीडियो को स्क्रिप्टेड बताए जाने और माफी मांगने के बावजूद लोगों की नाराजगी कम नहीं हुई है। मामले में आरोपी के खिलाफ जांच और उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की जा रही है।
किरेन रिजिजू ने की घटना की निंदा
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कथित नस्लीय दुर्व्यवहार पर नाराजगी जताते हुए आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की बात कही। सोशल मीडिया मंच एक्स पर उन्होंने लिखा, ‘इस बुरे व्यक्ति को सजा मिलेगी। आधिकारिक शिकायत दर्ज कराने में देरी हुई, लेकिन दिल्ली पुलिस और त्रिपुरा पुलिस उसे सबक सिखाएगी।’ रिजिजू ने यह भी कहा कि समाज में ऐसे व्यवहार को सहन करने वाले लोग भी नफरत फैलने के लिए जिम्मेदार हैं। उनके बयान के बाद मामले में पुलिस कार्रवाई को लेकर चर्चा और तेज हो गई है।
मुख्यमंत्री माणिक साहा ने दिए समन्वय के निर्देश
विवाद सामने आने के बाद त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने राज्य के पुलिस महानिदेशक को दिल्ली पुलिस के साथ समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित एजेंसियों के बीच संपर्क और जांच की प्रक्रिया पर नजर रखी जा रही है। घटना को लेकर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने भी कथित नस्लीय दुर्व्यवहार की निंदा की है और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई है।



