राष्ट्रीय

संसद में फिर शुरू होगी हलचल, परिसीमन बिल पेश होने की अटकलें तेज

30 नवंबर को लोकसभा और 2 दिसंबर से राज्यसभा की बैठक

3 दिसंबर तक चल सकता है सदनों का कामकाज

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही दोबारा शुरू करने का अनुरोध किया है। इसके तहत लोकसभा की बैठक 30 नवंबर 2026 और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर 2026 को फिर से बुलाई जा सकती है। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के माध्यम से इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सरकार ने लोकसभा अध्यक्ष और राज्यसभा के सभापति से सदनों की बैठक दोबारा बुलाने का आग्रह किया है, ताकि जरूरी सरकारी और विधायी कामकाज निपटाया जा सके। सरकार के प्रस्ताव के अनुसार दोनों सदनों की कार्यवाही 3 दिसंबर तक चल सकती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी पहले एनडीए सांसदों को संसद सत्र के मद्देनजर दिल्ली में रहने के निर्देश दिए थे।

परिसीमन विधेयक लाने की तैयारी के कयास

संसद की बैठक दोबारा बुलाए जाने के बीच राजनीतिक और संसदीय हलकों में परिसीमन तथा महिला आरक्षण से जुड़े विधायी पैकेज को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। सूत्रों के अनुसार, केंद्र सरकार लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए एक-तिहाई आरक्षण लागू करने तथा परिसीमन की व्यवस्था में बदलाव से संबंधित प्रस्ताव आगे बढ़ाने की कोशिश कर सकती है।

2023 में पारित हुआ था महिला आरक्षण कानून

महिलाओं को लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण देने वाला कानून वर्ष 2023 में संसद से पारित हो चुका है। हालांकि इसके क्रियान्वयन को भविष्य में होने वाली जनगणना और उसके बाद परिसीमन की प्रक्रिया से जोड़ा गया है। सरकार के प्रस्तावित विधायी पैकेज में लोकसभा की सदस्य संख्या बढ़ाने और महिला आरक्षण लागू करने के लिए आवश्यक व्यवस्था से जुड़े प्रावधानों पर भी चर्चा होने की संभावना है।

13 अगस्त को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हुआ था मानसून सत्र

गौरतलब है कि संसद का मानसून सत्र 13 अगस्त को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया था, लेकिन औपचारिक रूप से सत्र का समापन नहीं हुआ था। इसके बाद 100 दिनों से अधिक समय तक सदनों की बैठक दोबारा नहीं बुलाई गई। अब सरकार के अनुरोध के बाद लोकसभा और राज्यसभा की बैठक फिर से आयोजित करने की तैयारी है। इन बैठकों में आवश्यक सरकारी कामकाज और संभावित विधायी प्रस्तावों पर चर्चा होगी। परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े विधेयकों को लेकर सरकार की आगे की रणनीति पर भी सबकी नजर रहेगी।

परिसीमन बिल पर मोदी सरकार को दो-तिहाई बहुमत की चुनौती

केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार इस विधेयक को पारित कराने की तैयारी में जुटी है। इसके लिए 30 नवंबर को लोकसभा और 2 दिसंबर को राज्यसभा की बैठक बुलाई गई है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, लोकसभा में इस समय 540 सदस्य हैं और तीन सीटें रिक्त बताई गई हैं। दो-तिहाई बहुमत के लिए 360 सांसदों का समर्थन जरूरी होगा। वहीं, एनडीए के पास करीब 320 सांसद बताए जा रहे हैं। इस हिसाब से सरकार को जरूरी आंकड़े तक पहुंचने के लिए 40 अतिरिक्त सांसदों के समर्थन की आवश्यकता होगी।

विपक्षी दलों के रुख पर टिकी निगाहें

इस पूरे राजनीतिक घटनाक्रम में इंडिया गठबंधन की भूमिका अहम मानी जा रही है। सवाल उठ रहे हैं कि क्या विपक्ष के कुछ दल विधेयक पर सरकार का समर्थन कर सकते हैं? वहीं, अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी, ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस, असदुद्दीन ओवैसी की एआईएमआईएम और वामपंथी दलों के संभावित रुख पर भी नजर रहेगी।

गैरहाजिरी से बदल सकता है संख्या बल का गणित

विधेयक पर मतदान के दौरान कुछ दलों के सांसदों की गैरहाजिरी भी चर्चा का विषय है। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि कौन-कौन से दल मतदान से अनुपस्थित रहेंगे या सरकार के पक्ष में वोट करेंगे। ऐसे में अंतिम समय तक संख्या बल का गणित बदलने की संभावना बनी हुई है।

राहुल गांधी के विरोध का कितना होगा असर?

परिसीमन बिल को लेकर राहुल गांधी सहित विपक्ष के अन्य नेताओं की भूमिका भी महत्वपूर्ण होगी। यदि विपक्षी दल एकजुट होकर विधेयक का विरोध करते हैं, तो सरकार के लिए जरूरी दो-तिहाई समर्थन जुटाना चुनौतीपूर्ण हो सकता है। वहीं, विपक्षी खेमे में मतभेद या मतदान के दौरान गैरहाजिरी की स्थिति में सदन का गणित अलग हो सकता है। फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या मोदी सरकार ने परिसीमन बिल पारित कराने के लिए जरूरी जादुई आंकड़ा जुटा लिया है या संसद में इस विधेयक पर सरकार को विपक्ष की चुनौती का सामना करना पड़ेगा। इसका जवाब सदन में दलों की आधिकारिक स्थिति और मतदान के समय सामने आने वाले वास्तविक संख्या बल से ही स्पष्ट होगा।

अनुकूल है तो हमें इसे स्वीकार करना होगा : डीएमके

डीएमके नेता टी.के.एस इलांगोवन ने कहा कि पार्टी ने परिसीमन विधेयक (डिलिमिटेशन बिल) के पिछले मसौदे का विरोध किया था, क्योंकि उन्हें चिंता थी कि इसका राज्यों और क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व पर क्या असर पड़ेगा। हालांकि, उन्होंने कहा कि जब संशोधित विधेयक औपचारिक रूप से पेश किया जाएगा, तो डीएमके उस पर विचार करने के लिए तैयार है। इलांगोवन ने कहा, “देखते हैं कि नया परिसीमन विधेयक किस रूप में आता है। इसे पढऩे के बाद ही हम इस पर कोई टिप्पणी कर सकते हैं। अगर यह हमारे अनुकूल है या इसमें हमारे विचारों को भी शामिल किया गया है, तो हमें इसे स्वीकार करना होगा। लेकिन अभी इंतजार करते हैं; पहले विधेयक को आने दीजिए।”

Author Desk

Related Articles

Back to top button