
नारायणपुर। नारायणपुर में भाजपा नेता रतन दुबे की नक्सलियों द्वारा हत्या होने पर पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह ने दुःख जताया साथ ही उन्होंने इसे टारगेट किलिंग बताते हुए कांग्रेस पर आरोप लगाया। पूर्व मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा कि नारायणपुर में भाजपा के हमारे जिला उपाध्यक्ष और कौशलनार क्षेत्र से जनपद सदस्य रतन दुबे की हत्या का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति तथा शोकाकुल परिजनों को धैर्य व संबल प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं।
रमन सिंह ने आगे कहा कि विधानसभा चुनाव को प्रभावित करने और भाजपा को डराने के उद्देश्य से लगातार हमारे साथियों की टारगेट किलिंग करवाने वाली कांग्रेस यह समझ ले कि भाजपा डरने वाली नहीं है, छत्तीसगढ़ की जनता हमारे साथ है। बहुत जल्द नक्सलियों के साथ ही हर अपराधी को उल्टा लटकाकर हिसाब लिया जाएगा।



