
रायपुर। हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने राजधानी रायपुर में पत्रकार वार्ता को सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि झूठी कांग्रेस अब छत्तीसगढ़ में झूठी गारंटी बांट रही है। कांग्रेस इस देश की सबसे बड़ी ठग है जो झूठ बोलकर छत्तीसगढ़ में सत्ता में आई और झूठ बोलकर हिमाचल प्रदेश की सत्ता हासिल की। कांग्रेस ने न तो छत्तीसगढ़ में पिछले चुनाव में किए गए वादे निभाए और न ही हिमाचल में दी गई पांच गारंटियों में से अब तक एक भी गारंटी पूरी की है। जिस तरह कांग्रेस झूठी है, उसी तरह उसकी गारंटी भी झूठी है। छत्तीसगढ़ की जनता झूठी गारंटियों के छलावे में आने से बचे। भाजपा उसे बेहतर भविष्य की गारंटी दे रही है। उन्होंने कहा कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ और हिमाचल दोनो जगह झूठ बोलकर सरकार बनाई छत्तीसगढ़ वासी सचेत रहे,अब इनकी बातों में न आए।
जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस ने हिमाचल में कई झूठी गारंटी भी दी थीं, जिनमें कहा गया था कि बागवान फलों की कीमत तय करेंगे, युवाओं के लिए 680 करोड़ का स्टार्टअप फंड रखा जाएगा, हर विधानसभा क्षेत्र में चार अंग्रेजी मीडियम स्कूल खोले जाएंगे, हर गांव में मोबाइल क्लीनिक से मुफ्त इलाज होगा। लेकिन यह सारे वादे कांग्रेस भूल गई। उसकी नीयत में खोट है। कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ की तरह हिमाचल प्रदेश में भी पुरानी पेंशन स्कीम बहाल करने का वादा किया था। यह भी पूरा नहीं हुआ है। कांग्रेस की सारी गारंटी झूठ का पुलिंदा है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता ने देखा है कि कांग्रेस में 2018 के चुनाव में जो 36 वादे किए थे, उनमें से एक तिहाई वादे भी ढंग से पूरे नहीं किए हैं। जो किया है उसमें छलावे के अलावा कुछ भी नहीं है। कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ के 10 लाख बेरोजगारों को रोजगार अथवा बेरोजगारी भत्ता देने का वादा किया, था लेकिन सरकार के अंतिम समय में मुट्ठी भर युवाओं को बेरोजगारी भत्ता देकर औपचारिकता की है। कांग्रेस की भूपेश बघेल सरकार राज्य के बेरोजगारों का 15 हजार करोड़ रुपए डकार गई। कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ में शराब बंदी का वादा किया था लेकिन 5 साल तक शराब घोटाला करने में लगी रही।



