
कांग्रेस ने संविधान में संशोधन देश के लिए किया था : राधिका खेड़ा
रायपुर। कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं छत्तीसगढ़ मीडिया प्रभारी राधिका खेड़ा ने एक प्रेस वार्ता में कहा है कि एक तरफ़ जब पूरा देश संविधान के निर्माता बाबा साहब को उनकी जयंती पर नमन कर रहा है तो वहीं दूसरी ओर बीजेपी की सरकार दोबारा बनते ही संविधान को पूरा बदलने की बात कही जा रही है. यह दुखद और गंभीर बात है.
सुश्री राधिका ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कल छत्तीसगढ़ के दौरे पर थे. उन्होंने ये तो बोल दिया कि उनकी पार्टी आरक्षण ख़त्म नहीं करेगी, लेकिन संविधान को बदलेंगे, इस पर एक शब्द नहीं कहा।मैं इंतज़ार करती रही शायद अब बोलेंगे लेकिन उन्होंने एक शब्द संविधान को लेकर नहीं कहा इसलिए संविधान बदलने की बात जो उनके सांसद और प्रत्याशी कर रहे हैं आज शाह ने खैरागढ़ में उस पर मोहर लगा दी।
छत्तीसगढ़ मीडिया प्रभारी राधिका खेड़ा ने दैनिक प्रखर समाचार ने सवाल किया कि कांग्रेस पार्टी ने भी तो 100 से अधिक बार संविधान बदला, इस पर खेड़ा ने कहा कि देश के लिए संशोधन करना गलत नही है. कांग्रेस ने देशहित में कुछ आंशिक बदलाव किए जोकि गलत नही है. लेकिन भाजपा के सांसद उसे पूरी तरह बदल लेने की बात कहना यह देशविरोधी है.
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता इंतज़ार कर रही है कि कब कांग्रेस सरकार द्वारा लाए गए आरक्षण बिल को वे पास करेंगे. एक के बाद एक राज्यपाल बदल गए, लेकिन बिल वहीं का वहीं है। भाजपा की सरकार भी आ गई लेकिन छत्तीसगढ़ की जनता के आरक्षण को मान्यता नहीं दे रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा का संकल्प पत्र मोदी जी की फोटो एल्बम है। अलग अलग कपड़ों में, अलग अलग एंगल में, पोस में मोदी जी दिखे. इस दौरान कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला भी उपस्थित थे.



